अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले में इन दिनों बिजली व सिंचाई के लिए नहर का पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अपनी समस्याओं को लेकर पीड़ित लोग कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों के सामने गुहार लगाकर इन समस्याओं के समाधान की मांग करते नजर आ रहे हैं। बुधवार को दो अलग-अलग गांवों के लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान नहीं होने की दशा में आगामी लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी प्रशासन को दी है। जयस जिलाध्यक्ष राकेश काकोडिया व भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष महेंद्र काशिव के नेतृत्व में ग्राम काल्याखेड़ी के ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि सोनतलाई फीडर से बिजली सप्लाई की जा रही है। जो समय से नहीं मिल पा रही है। जिसके चलते गांव में पीने के पानी व गेहूं पिसवाने की समस्या हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हमने बिजली विभाग के अधिकारियों से पूर्व में हमारे गांव की सप्लाई जामली फीडर से जोड़ने की मांग की गई थी। लेकिन अब तक इस ओर ध्यान नही दिया गया है। जबकि सोनतलाई की दूरी 17 किलोमीटर है। वही बड़नगर व खमलाय गांव से आधा से एक किलोमीटर है। उधर, कमांड एरिए में भी किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। ग्राम कमताड़ा के ग्रामीणों का कहना है कि सिंचाई विभाग ने उनके गांव को अपनी कार्ययोजना के तहत तय कमांड एरिया में जोड़ा गया है। इसके बावजूद किसानों को सिंचाई के लिए नहर का पानी नहीं मिल रहा है। जिसके चलते यदि किसानों को समय पानी नहीं मिलता, तो गांव के सभी किसान आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
Views Today: 8
Total Views: 278

