अनोखा तीर, हरदा। लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य सिंह ने शुक्रवार को नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर निर्वाचन तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी.गौड़ा सहित लोक सभा निर्वाचन के सभी नोडल अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि लोकसभा निर्वाचन के लिए नोडल अधिकारी सभी आवश्यक तैयारियां कर लें। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर पेयजल, शौचालय, मतदाताओं के लिये शेड, विद्युत व रैम्प जैसी सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में कहा कि सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों का एक बार फिर से भौतिक सत्यापन कर लें तथा मतदान केन्द्रों के पहुंच मार्ग भी देख लें। उन्होने कहा कि लोकसभा निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित होते ही आदर्श आचरण संहिता लागू हो जाएगी, अत: जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में सम्पत्ति विरूपण अधिनियम का पालन भी तत्काल ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होने निर्देश दिये कि मतदान दलों तथा ईवीएम को लाने ले जाने वाले वाहनों पर जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगवाया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि मतदान दलों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम तैयार कर प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाए। उन्होने कहा कि लोक सभा निर्वाचन संबंधी कंट्रोल रूम का संचालन प्रारम्भ कर दिया जाए। उन्होने निर्देश दिए कि मतदान दलों में कोई भी सेवा निवृत्त या स्थानांतरित कर्मचारी की ड्यूटी न लगे, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उन्होंने एक-एक नोडल अधिकारी से चर्चा कर लोकसभा निर्वाचन के लिए अब तक की गई तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली।
Views Today: 2
Total Views: 380

