अनोखा तीर, हरदा। आदिवासी वर्ग के युवा, किसान मजदूर तथा महिलाओं के हक में शुक्रवार को जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन जयस एवं सर्व समाज के नेतृत्व में प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यालय पर एकजुट हुए। यहां स्थानीय परशुराम चौक पर आदिवासियों ने जमकर नारेबाजी की। वहीं आदिवासी अंचल की आठ प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य की मांग दोहराते हुए अन्य 12 मांगों को ताकत से उठाया गया। करीब डेढ़ घंटे चले धरना-प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारी को 19 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन दिया गया। जिसके माध्यम से मगरधा ओर पटाल्दा में आदिवासी छात्रावास की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वहीं रहटगांव में मेडिकल कालेज , कायदा में पुलिस चौकी, सिराली में लॉ कॉलेज की मांग करते हुए हंडिया क्षेत्र की सड़के साल्याखेडी से काकडदा, काकडदा से जामुनवाली के निर्माण कार्य को हरी झंडी देने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र में स्थायी स्टॉप की तैनाती, रहटगॉव और सिराली में सोनोग्राफी की सुविधा तथा वनाधिकार कानून अंतर्गत पात्र लोगों को पट्टों का वितरण करने की मांग दोहराई है। इस मौके पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अगर शासन मांगों को लेकर गंभीर नही हुआ तो आगामी लोकसभा चुनाव के पूर्ण बहिस्कार की चेतावनी दी है। यह भी कहा कि आंदोलन दौरान आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में शिक्षा और स्वास्थ्य को छोड़कर अन्य कोई व्यक्ति को प्रवेश नही करने देंगे। धरना एवं ज्ञापन देते समय जयस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में आदिवासी मौजूद थे।

