खिरकिया ब्लाक के ग्राम कुडावा में गुरूवार को आग ने खासा तांडव मचाया है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आने से 8 किसानों के खेत में खड़ी गेहूॅ की फसल जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी है। उधर, राजस्व विभाग ने प्रारंभिक सर्वे कर नुकसानी का आंकलन कर लिया है। इधर, घटना के दूसरे दिन यानि शुक्रवार को किसानों का प्रतिनिधि मंडल पीड़ितों के साथ एसडीएम से मिलने पहुंचा। जहां पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि प्रभावित किसानों का शत-प्रतिशत नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजी है। सप्ताहभर में पीड़ितों को राहत राशि उपलब्ध कराएंगे।
अनोखा तीर, हरदा/खिरकिया। खिरकिया ब्लाक के ग्राम कुडावा में आगजनी की घटना के चलते आधा दर्जन से अधिक किसानों की फसल जलकर खाक हो जाने के मामले में शुक्रवार को किसान कांग्रेस का प्रतिनिधी मंडल पीड़ितों के बीच पहुंचा। इस दौरान प्रभावित खेतों का भ्रमण कर पीड़ितों को साथ लेकर खिरकिया स्थित तहसील कार्यालय पहुंचे। जहां एसडीएम अशोक डेहरिया एवं तहसीलदार राजेंद्र पवार से मुलाकात की। इस मौके पर हल्का पटवारी भी मौजूद रहे। इस दौरान पटवारी के साथ बैठकर मौका पंचनामा तथा राजस्व रिपोर्ट तैयार कराई गई। चर्चा दौरान एसडीएम श्री डेहरिया ने पीड़ित किसानों को भरोसा दिलाया कि नुकसानी की रिपोर्ट तैयार है। जिसमें शत-प्रतिशत नुकसान का जिक्र करते हुए शासन को भेज दिया है। उन्होंनें यह भी कहा कि एक सप्ताह के भीतर पीड़ित किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराएंगे। इसके बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। प्रतिनिधिमंडल मे राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत टाले, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन विश्नोई, प्रद्ुमन कुशवाह, दुर्गेश राजपूत, रघुवीर पटेल, लोकेश जायसवाल सहित अन्य किसान मौजूद थे। बता दें कि कुडावा में आगजनी की घटना के बाद किसानों की परसी परसाई थाली पर ग्रहण लग गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना में रामबाई पति रामदास, मेहताब पिता कुंजीलाल और लालसिंह पिता रामबक्श की 10-10 एकड़ , प्रहलाद पिता रामप्रसाद की 4 एकड़ तथा सुंदरलाल पिता गजराज और पत्नी उमाबाई पति सुंदरलाल की ढ़ाई-ढा़ई एकड़ में खड़ी गेहूॅ की फसल जलकर खाक हो गई है। जिसके बाद छोटे-छोटे किसानों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

