अनोखा तीर, हरदा। मुख्यालय समेत अन्य स्थानों से अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस ने अपना शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे के निर्देश पर जिले के सभी थानाक्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों के सक्रिय होने की बात सामने आई है। इस बीच पुलिस टीम सिटी कोतवाली की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध धंधों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। वहीं, नशेड़ियों में अफरा-तफरी का माहौल है। इन सबके बीच बुधवार को पुलिस टीम ने नशा सामग्री के साथ कुछ युवकों को दबोचा है, जो दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान नागरिकों ने पुलिस कार्रवाई को जायज ठहराते हुए नशे के क्रय-विक्रय को पूरी तरह बंद करने की बात पर जोर दिया। इसकी मुख्य वजह यह कि नशे की लत में युवाओं की बढ़ती संख्या चिंताजनक है, जो कि विचारणीय भी है। इन सबके बीच पुलिस कार्रवाई संबंधित परिवारों के लिए राहत के समान है। जिनके घर के सदस्य इस बुरी आदत का शिकार हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर समेत सभी थानाक्षेत्रों में नशे की खरीद-फरोख्त पर प्रभावी रोक लगाने को पाबंद किया गया है। जिसका जमीनी स्तर पर असर दिखाई देने लगा है। कार्रवाई के भय से इस गोरखधंधे में संलिप्त लोग इधर-उधर हो गए हैं। जबकि नशे के खरीददारों के कदम अब डगमगाने लगे हैं, जो कि अवैध धंधों की कमर तोड़ देने के समान है। अगर नशे के विरूद्ध पुलिस का यही रूख रहा तो यहां सुधार तय माना जा रहा है। इस बारे में पुलिस से चर्चा की तो उन्होंनें कहा कि कार्रवाई जारी है।

