अनोखा तीर, हरदा। मुख्यालय पर रविवार को गौकशी का मामला सामने आया है। इसको लेकर हिन्दू संगठन के सदस्यों ने अपना विरोध प्रकट किया है, वहीं ऐसे कार्यो में लिप्त लोगों पर नकेल कसने की मांग की। इससे पहले हिन्दू संगठन के सदस्यों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर एएसपी राजेश्वरी महोबिया को ज्ञापन सौंपा है। उधर, सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी एआर खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां अजनाल नदी के किनारे घटनाक्रम का बारिकी से मुआयना भी किया। इधर, धर्म रक्षा समिति के श्याम शर्मा, सुभाष शर्मा, करणी सेना जिलाध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत समेत करीब दो दर्जन युवाओं ने सिटी कोतवाली पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती महोबिया को एक ज्ञापन दिया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर सुनील सिंह राजपूत ने कहा कि इससे पहले रहटगांव में इस तरह की करतूत सामने आई थी, उस समय भी घटना का विरोध कर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन संतोषजनक परिणाम नही आए। इन सबके बीच रविवार की घटना ने सबको चौंका दिया है। जिस पर कार्रवाई करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना सामने ना आएं। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिन्दू संगठन के कुछ लोगों को घर से गाय खोलकर ले जाने की खबर मिली। जब इसकी पड़ताल की तो अजनाल नदी के किनारे ये घटनाक्रम सामने आने की बात कही जा रही है। अब पुलिस से ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Views Today: 2
Total Views: 288

