अनोखा तीर, हरदा। गणतंत्र दिवस आगामी 26 जनवरी को जिले में समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में की। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी.गौड़ा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। जिला पंचायत सीईओ श्री सिसोनिया ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति की भावना पर केन्द्रित रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि अपने जिला व खण्ड स्तरीय कार्यालयों में ध्वज संहिता का पालन करते हुए गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था करें। जिला पंचायत सीईओ श्री सिसोनिया ने बैठक में निर्देश दिए कि नेहरू स्टेडियम में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों और लोकतंत्र रक्षकों का सम्मान शॉल व श्रीफल प्रदान कर किया जाए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों के नाम अपर कलेक्टर कार्यालय में 20 जनवरी तक आवश्यक रूप से भिजवा दें। बैठक में उन्होने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की बैठक व्यवस्था, परेड व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, पेयजल व्यवस्था, एम्बूलेंस व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों की प्रभातफेरी आयोजित की जाए। जिला पंचायत के सीईओ श्री सिसोनिया ने प्रमुख विभागीय अधिकारियों से गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभागीय गतिविधियों व उपलब्धियों का प्रदर्शन करने वाली झांकियां तैयार कराने के लिए भी कहा।

