संकल्प यात्रा, अधिकारी गांवों का दौरा करें  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और योजनाओं का लाभ पात्रता अनुसार नागरिकों को उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन दिनों विकसित भारत संकल्प यात्रा आयोजित की जा रही है। इसके तहत आगामी 26 जनवरी तक हर दिन 5-6 गांवों का दौरा किया जा रहा है। सभी जिला अधिकारी स्वयं भी समय-समय पर इस यात्रा में शामिल गांवों का दौरा कर कार्यक्रम में शामिल हो और अपने खण्ड स्तरीय अधिकारियों को भी यात्रा के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दें, ताकि यात्रा के दौरान आने वाले आवेदन व जनसमस्याओं की मौके पर ही सुनवाई हो सके। यह निर्देश जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिये। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। जिला पंचायत सीईओ श्री सिसोनिया ने सभी एसडीएम से कहा कि अपने क्षेत्र के कोटवारों व पंचायत सचिवों को माध्यम से संकल्प यात्रा के गांव में आगमन से दो-तीन दिन पूर्व मुनादी के माध्यम से यात्रा का प्रचार-प्रसार कराएं।

मतदाता दिवस की तैयारियों की समीक्षा की

जिला पंचायत सीईओ श्री सिसोनिया ने बैठक में आगामी 25 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने महाविद्यालय व हायर सेकेण्ड्री स्कूलों में मतदाता दिवस संबंधी निबन्ध प्रतियोगिता आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाता दिवस पर नए मतदाताओं को फोटो युक्त एपीक कार्ड प्रदान करने के लिए भी कहा।

सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम  

जिला पंचायत सीईओ श्री सिसोनिया ने बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी व महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए कि स्वामी विवेकानन्द जी के जन्म दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम स्कूल कॉलेजों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए अभी से सभी आवश्यक तैयारियां करने के लिए कहा।

244 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!