अनोखा तीर, हरदा। जिले के रहटगांव थाना के ग्राम बालागांव में शुक्रवार शाम मजदूरी करने वाले एक युवक की पत्नी उसका फोन रिसीव नहीं कर रही थी, इस बात से नाराज होकर उसने जहरीली दवाई खा ली। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम वंशीपुर का रहने वाला छोटेलाल पिता रामरतन कोरकू उम्र 40 साल जो अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ ग्राम बालागांव में रहकर मजदूरी करता है। उसका अपनी पत्नी से घरेलू बातों को लेकर विवाद हो गया। जिसके कारण गुस्से में आकर पत्नी अपने पीहर आमाखाल चली गई। जहां दो दिन रुकने के बाद तीसरे दिन वह पटालदा चली गई। जब पति ने उसे वापस घर आने के लिए फोन लगाया तो उसने अपने पति का फोन भी रिसीव नहीं किया और जब ग्रामीणों ने फोन लगाया तो उन्हें घर आने के लिए मना कर दिया। इस बात से नाराज होकर पति ने जहरीली दवाई का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे गांव के लोगो ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि युवक की दो बेटियां ओर एक बेटा है। जो गांव के ही स्कूल में पढ़ाई करते हैं।

