सलकनपुर धाम दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार पलटी, एक महिला की मौत

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

हरदा- सलकनपुर धाम में मां विजयासन देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई तथा सात अन्य घायल हो गए। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। शहर के पीलियाखाल निवासी एक परिवार हादसे का शिकार हुआ है।

श्वान को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हरदा-छीपानेर मुख्य मार्ग पर भुवनखेड़ी गांव के पास हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कार के सामने अचानक एक श्वान आ गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। हादसे में 45 वर्षीय सुनीता कैथवास की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जबकि उज्जैन निवासी महिला सकुन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों को पहुंचाया जिला अस्पताल

शहर के पीलियाखाल निवासी एक परिवार के घर मेहमान आए हुए थे। सभी कार से देवी मां के दर्शन करने सलकनपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनके साथ यह हादसा हो गया। कार में सुनीता कैथवास, अन्नू बैरासी, वर्षा कैथवास निवासी पीलियाखाल तथा उनकी रिश्तेदार सीमा, चंदा बैरासी, सकुनबाई और उनकी बेटी रिक्की बैठे थे। कार को दीपक कैथवास चला रहा था। इस संबंध में करताना चौकी प्रभारी मानवेंद्र भदौरिया ने बताया कि मौके पर एएसआई सुरेश दाते गए थे। इससे पहले ही घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया था।

ग्रामीणों ने की घायलों की मदद

हादसे के बाद सबसे पहले मौके पर ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों ने ही प्रारंभिक रूप से घायलों की मदद की। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। सुनीता की अस्पताल लाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। सकुन की हालत गंभीर है। अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार किया गया। कार चालक दीपक के सिर और सीने में चोट आई है।

भोपाल, सीहोर, सलकनपुर जाने का सीधा रास्ता

नर्मदा पर छीपानेर पर बड़ा पुल बन गया है। इस कारण पहले की अपेक्षा अब हरदा से करताना और छीपानेर होते हुए सैकड़ों की संख्या में दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहन भोपाल, सीहोर, नसरुल्लागंज, सलकनपुर, रेहटी सहित विभिन्न शहर आना-जाना करते हैं। हरदा-छीपानेर मुख्य मार्ग पर वाहनों की संख्या बढ़ी है।

Views Today: 2

Total Views: 182

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!