अनोखा तीर, हरदा। दीपावली और विधानसभा चुनाव के अवकाश के बाद सोमवार को शुभ मुहूर्त में कृषि उपज मंडी में खरीदी कार्य का श्री गणेश हुआ। इस दौरान ग्राम भादूगांव के किसान बसंत की सोयाबीन 5 हजार 201 रुपए के भाव में खरीदी गई। इसके बाद मंडी में खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके पहले दीपावली और विधानसभा चुनाव को लेकर मंडी में पिछले दस दिनों से मंडी बंद थी। किसान सहित व्यापारी व अधिकारी-कर्मचारी सभी पर्व में व्यस्त थे। मंडी में भी दस दिन का अवकाश घोषित किया गया था। सोमवार सुबह मंडी व्यापारियों ने भगवान पंच पिपलेश्वर महादेव के मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना आरती करने के बाद शुभ मुहूर्त में खरीदी कार्य शुरू किया। जहां सबसे पहले ग्राम भादूगांव के किसान बसंत की सोयाबीन 5 हजार 201 के भाव से एरोस ट्रेडिंग कंपनी द्वारा क्रय किया गया। इस अवसर पर कृषि उपज मंडी के सचिव संजीव श्रीवास्तव का कहना है कि मंडी में खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों को उनकी उपज के अच्छे दाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में उपज के दामों में इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद शुभ मुहूर्त में खरीदी शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र में व्यापार को गति मिलेगी। उन्होंने किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों और तुलावटियों के लिए यह साल शुभ रहे। मंडी शुरू होने के साथ ही बंपर आवक हुई है। उधर व्यापारियों का कहना है कि शुभ मुहूर्त में सौदा करने से वर्ष भर बेहतर व्यापार रहता है। इसलिए व्यापारी ऊंची बोली लगाकर मुहूर्त के सौदे करते हैं। वहीं हर किसान चाहता है कि पहले उसकी फसल मुहूर्त में बिके।

