आखिरी दिन दोनों दलों ने लगाया जोर … कांग्रेस-भाजपा ने रैली निकालकर जनता से मांगा समर्थन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। विधानसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन यानि बुधवार को दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा ने अपनी-अपनी ताकत दिखाई। मुख्यालय पर दोनों दलों ने कार्यकर्ताओं के साथ रैली निकाली, वहीं शहर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी रैलियां अलग-अलग स्थानों पर सभा में तब्दील हो गईं थी। भारतीय जनता पार्टी ने जहां शिवाजी चौक पर सभा की, जबकि कांग्रेस की सभा कुछ कदम दूर घंटाघर पर चल रही थी। जिसके चलते पूरे बाजार क्षेत्र में लोगों का हुजूम दिखाई पड़ रहा था। सभा स्थल के आसपास के रास्तों को बेरिकेट्स लगाकर बंद कर दिया था, वहीं रूट डायवर्ट भी किया गया। दोपहर ढ़ाई बजे से प्रारंभ हुई सभाएं अंतिम समय तक चली। इस दौरान दोनों ही दल के लोग एक-एक मिनिट का सद्उपयोग करते दिखाई दिए। जानकारी के अनुसार चुनावी प्रचार-प्रसार के आखिरी दिन भाजपा प्रत्याशी कमल पटेल ने स्थानीय संत रविदास चौक से रैली निकाली। हाथों में पार्टी का झंडा थामे कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पक्ष में जमकर नारे लगाए। रैली नार्मदीय चौक होते हुए घंटाघर पहुंची, यहां से चांडक चौराहा, पोस्ट आफिस चौराहा होते हुए शिवाजी चौक पर पहुंची। जहां रैली सभा में बदल गई। इस मौके पर भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार के कार्यो का उल्लेख किया, वहीं कांग्रेस पर भी निशाना साधा। इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी रामकिशोर दोगने कांग्रेसजनों के साथ रैली के रूप में घंटाघर पहुंचे। इससे पहले श्री दोगने ने रास्ते में दुकानदारों से सघन संपर्क किया। घंटाघर पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर हमला किया। अंतिम दिन दोनों दलों की सभा में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

96 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!