राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। रविवार को स्थानीय नेहरू स्टेडियम में राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप प्रतियोगिता 2023 का शुभारंभ प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में 17 वर्ष बालिका वर्ग की खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। जानकारी के अनुसार कृषि मंत्री कमल पटेल, आयोजन समिति के संगठन सचिव व जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति, डीपीआई पर्यवेक्षक रमेश झिरवार भोपाल, सहायक संचालक डीएस रघुवंशी द्वारा देवी सरस्वती की पूजा अर्चना और कन्या पूजन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कमल पटेल का स्वागत प्रतियोगिता के संगठन सचिव जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति द्वारा पुष्पहार पहनाकर किया गया। तीन दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता के प्रतिवेदन का वाचन जिला क्रीड़ा अधिकारी रामनिवास जाट ने किया। स्वागत गीत उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। तत्पश्चात मार्च पास्ट हुआ। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री पटेल ने खिलाड़ियों को सभी प्रकार की सुविधा मुहैया कराने का संकल्प लिया। उन्होंने खिलाड़ियों को दुनिया के श्रेष्ठतम खिलाड़ी बनने की शुभकामनाएं दी। इस आयोजन दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदा, द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन हरदा, उत्कृष्ट विद्यालय हरदा व गाइड दल शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदा द्वारा शानदार प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के सचिव सुनील पालीवाल, राजेश विलिया, इमरान खान, अजय पुरबिया, मनोज खोरे, आनंद तिवारी आदि उपस्थित रहे।

रोचक रहे मैच

आज के मैच में नर्मदापुरम संभाग ने उज्जैन संभाग को 7-0 से हराया। दूसरा मैच इंदौर और ग्वालियर के बीच 1-1 से ड्रा रहा। खबर लिखे जाने तक तीसरा मैच भोपाल जनजाति कार्य विभाग के बीच चल रहा था। इसके बाद जबलपुर एवं सागर के बीच मैच खेला जाएगा। कल प्रात: 8 बजे से मैच प्रारंभ होंगे। शाम तक लीग के मैच खेले जाएंगे।

85 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!