लेबर इंस्पेक्टर को हंडिया बैराज प्रोजेक्ट में मिली कई अनियमितता

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर हरदा। बुधवार को श्रम विभाग के निरीक्षक महेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा हंडिया के ग्राम भमोरी गांव में ठेकेदार करण डेवलपमेंट सर्विसेज प्रा.लि. के हंडिया बैराज प्रॉजेक्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इसमें अनेक अनियमितता सामने आई। श्रम निरीक्षक श्री ठाकुर के अनुसार उक्त ठेकेदार के पास लेबर लायसेंस नही था। यहां अन्य राज्यों से आए मजदूर भी कार्यरत थे। इसके लिए ठेकेदार कंपनी के पास इंटर स्टेट माइग्रेंट लेबर लायसेंस लेना भी आवश्यक था। मगर इस कंपनी ने यह लायसेंस भी नहीं लिया था। श्री ठाकुर ने बताया कि यहां कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों की कोई जानकारी नियमानुसार पंजी में संधारित नहीं की गई थी। वहीं श्रम कानून के बोर्ड नहीं लगाए थे। इस कार्यालय में कार्य प्रारंभ की सूचना नहीं दी गई थी। श्रमिकों के वेतन भुगतान की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। वहीं श्रमिकों के ठहरने, भोजन आदि की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस दौरान निरीक्षक के पूछने पर बताया कि अभी ही काम शुरू हुआ है। नियम के पालन में टालमटोल किया गया। जबकि यहां काम शुरू हुए 2 महीने हो चुके थे। ऐसी अनेक अनियमितता पाए जाने पर श्रम निरीक्षक द्वारा ठेकेदार कंपनी को जरूरी लाइसेंस हेतु आवेदन करने के लिए तीन दिन का समय दिया है। यदि कंपनी द्वारा नियमों का उचित पालन नहीं किया गया तो उस पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

169 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!