अनोखा तीर, हरदा। कृषि वैज्ञानिक डॉ.एसके तिवारी, डॉ. सर्वेश कुमार व डॉ.मुकेश कुमार बंकोलिया ने जिले में लग रही धान, मक्का व सोयाबीन की नई फसल का सोमवार को निरीक्षण किया। कृषि विज्ञान केन्द्र प्रमुख डॉ. मुरे ने बताया कि ग्राम भमोरी, हंडिया, खेड़ी नीमा आदि ग्रामों में कुछ कृषकों द्वारा धान की बोनी की गई है। वर्तमान में धान की फसल बढ़वार की स्थिति में है, जिसमें खरपतवारों के समन्वित प्रबंधन, किट रोगों के रोकथाम आदि की जानकारी कृषकों के खेत भ्रमण कर दी गई और जहां धान की फसल कमजोर पीले रंग की दिख रही है वहां पर नैनों यूरिया 500 मिली प्रति एकड़ की दर से छिड़काव की सलाह दी गई। साथ ही सोयाबीन, मक्का आदि फसलें भी वृद्धि व विकास की स्थिति में है। अभी फसलों में किसी विशेष कीट रोग का प्रकोप नहीं देखा गया। सभी फसलें सामान्य स्थिति में है। कुछ खेतों में जल निकासी के लिए समुचित व्यवस्था करने व निरंतर फसल निगरानी की समझाइश भी किसानों को दी गई।

