अनोखा तीर, हरदा। नगर के वृद्धाश्रम में सोमवार को विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन प्रदीप राठौर जिला न्यायाधीश/ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट केके वर्मा की उपस्थिति में किया गया। श्री राठौर द्वारा उपस्थित वृद्धजनों को उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने नालसा एवं सालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि वृद्धजनों के लिए नालसा के द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाएं योजना बनाई गई है। जिसके अंतर्गत जिला प्राधिकरण द्वारा वृद्धजन को न्याय दिलाने के लिए नि:शुल्क विधिक सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराई जाती है। यदि किसी वृद्धजन को माननीय न्यायालय में भरण-पोषण या सम्पत्ति संबंधी मामला प्रस्तुत करना हो तो विधिक सहायता प्राप्त कर नि:शुल्क प्रकरण प्रस्तुत करा सकते है। इसके अतिरिक्त वृद्धाआश्रम में या किसी अन्य विभाग में वृद्धजनों को शासन की योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है तो वे कार्यालय में संपर्क कर सकते है। उक्त विधिक जागरूकता शिविर में, बीएस राजपूत व वृद्धजन आदि उपस्थित रहे।

