अनोखा तीर, हरदा। इस साल समय पर मानसून सक्रिय होने के बावजूद बारिश पिछले की तुलना में काफी कम दर्ज हुई है। जबकि विगत दिनों क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने सभी को चौंका दिया था। यहां तक की तेज हवा-आंधी के चलते मकान तथा वृक्षों को नुकसान पहुंचा था। हालांकि इतना पानी बरसने के बाद भी इस साल की बारिश पिछले साल की बराबरी नही कर पाई है। जिसके चलते जिले में 29 जुलाई की स्थिति में इस साल वर्षा का आंकडा करीब 300 मि.मी पीछे चल रहा है। यही हाल हरदा समेत टिमरनी और रहटगांव तहसील क्षेत्र का है। वहीं खिरकिया क्षेत्र ने बारिश के आंकडो में बाजी मार ली है। जारी आंकडों के मुताबिक खिरकिया क्षेत्र में 29 जुलाई की स्थिति में पिछले साल से ज्यादा वर्षा दर्ज हुई है। जानकारी के अनुसार खिरकिया में इस साल अब तक 641.१ मि.मी वर्षा हुई है। जबकि इसी समयावधि तक पिछले साल ५२७ मि.मी वर्षा हुई थी। इस लिहाज से खिरकिया क्षेत्र का आंकडा पिछले साल से ऊपर निकल गया है। इस बारे में जानकारों की मानें तो ये सब प्रकृति का खेल है। वैसे भी बारिश के आंकड़ों को छूने के लिये पूरा ढ़ाई महिना शेष है।
फसलों को मिल रही पर्याप्त धूप
इधर, खरीफ फसलों के लिये क्षेत्र में बेहतर वातावरण बना हुआ है। जिसके चलते खेतों में फसलें लहलहा रही हैं। किसानों के मुताबिक सोयाबीन और मक्का को जितनी नमी की जरूरत है, उतनी धूप भी जरूरी है। क्योंकि धूप मिलते ही फसलें ग्रोथ करती हैं। इस साल बारिश के साथ-साथ पर्याप्त धूप भी मिल रही है।
२४ घंटे में ५.९ मि.मी वर्षा दर्ज
अधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले में गत 24 घंटे में ५.९ मि.मी वर्षा दर्ज की है। हरदा तहसील में २.५ मि.मी, टिमरनी में 14.2 मि.मी., खिरकिया में 0 मि.मी. व रहटगांव में 7.2 मि.मी. वर्षा हुई है। इस तरह जिले में अब तक ५९३.८ मि.मी वर्षा हो चुकी है। ये आंकडा पिछले साल की तुलना में काफी कम है।
फेक्ट फाइल…..
अब तक हुई वर्षा — पिछले साल की वर्षा
कुल वर्षा – ५९३.८ — ८७९.३ मि.मी
हरदा – 651.3 — ९२२.१ मि.मी.
टिमरनी 656.6 — ११४३.८ मि.मी.
खिरकिया 641.1 — ५२7 मि.मी.

