तब 23 साल से कम, अब 23 से अधिक, कैसे कराएं पंजीयन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

 

अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा लाई गई महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना के दूसरे दौर में महिलाओं के पंजीयन होना शुरू हो गया है। इसके लिए महिलाएं अपना नाम दर्ज कराने केंद्रों पर पहुंच रही हैं, लेकिन कई बहनों को निराशा मिल रही है। इसका कारण यह है कि अभी केवल 21 से 22 वर्ष 11 माह (23 वर्ष से कम) की महिलाओं के पंजीयन हो रहे हैं। इसके अलावा 23 से अधिक की उन महिलाओं के आवेदन जमा हो रहे हैं, जिनका पहले चरण में ट्रेक्टर होने से पंजीयन आवेदन निरस्त हो गया था। मगर दूसरे दौर में अभी पोर्टल नहीं खुलने से हितग्राही महिलाओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

पोर्टल लेट होने से बाधा

यहां पोर्टल न खुलने से वे महिलाएं बेचैन हैं, जो पहले दौर में 22 वर्ष 10-11 माह की आयु होने से वंचित थी। अब वे पंजीयन तो करा सकती हैं किंतु पोर्टल खुलने में देरी होने से उनकी आयु 23 को पार कर जाएगी। इसके नतीजन वे पंजीयन नहीं करा पाएंगी। यह भी बताया जा रहा है कि ट्रेक्टर के कारण पिछली बार जिनके फार्म निरस्त हुए थे। इस दौर में उनको प्राथमिकता दी जा रही है। जबकि प्रथम चरण में भारी भीड़ के चलते फार्म जमा कराने से वंचित महिलाओं और ट्रेक्टर मालिक के परिवार वाली महिलाएं अभी भी पिछड़ रहीं हैं। इनके आवेदन अब कब लिए जाएंगे, यह तय न होने से कोई भी पंजीकरण प्रभारी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इससे अनेक महिलाएं निराश तो हैं ही, साथ में नियमों के प्रति नाराज भी हैं।

बैंक में ई-केवाईसी कराने की भीड़

लाड़ली बहना योजना-02 में 23 वर्ष से कम और 21 साल तक की आयु वाली महिलाओं को शामिल करने से इनमें काफी उत्साह बना हुआ है। इस कारण इन दिनों एक बार फिर बैंकों में ई-केवायसी कराने की भीड़ लग रही है। इसके बाद केंद्रों पर फार्म भरने पहुंचने लगी हैं। हालांकि फिलहाल इनकी संख्या कम नजर आ रही है। मगर फिर भी पोर्टल खुलने के बाद भीड़ का एक बड़ा सैलाब आएगा। इसे देखते हुए निकाय और बैंकों में संबंधित कार्य के लिए पृथक से डेस्क बनाए हैं। ताकि कार्यालय का सामान्य कामकाज प्रभावित न हो।

70 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!