जमीनी कार्यकर्ताओं में उत्साह व जुनून बरकरार
नेताओं की आपसी खींचतान पर लगाएं अंकुश
विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों में गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को अपनों के साथ अपनी बात कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर प्रदेश नेतृत्व की मंशाअनुरूप यहां पधारे प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खुला संवाद स्थापित किया गया। उनके मन की बात को सुना गया, वहीं कार्यकर्ताओं के महत्वपूर्ण तथा कारगर सुझावों को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखने का भरोसा दिया गया है।
अनोखा तीर, हरदा। इन्दौर रोड स्थित सेठ हरिशंकर अग्रवाल मांगलिक भवन में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के बीच अपनों के साथ अपनी बात कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कांग्रेस के संवाद कार्यक्रम में प्रदेश प्रतिनिधी पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा एवं जिला प्रभारी अवधेश सिसौदिया विशेष रूप से उपस्थित थे। वहीं जिले की दोनों विधानसभा के एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने को मौका दिया गया। इस दौरान सभी ने एकजुटता पर जोर दिया। वहीं पुरानी कमियों को समय पर दूर करने की बात कही। इस मौके पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कार्यकर्ताओं का हुजूम देखकर प्रशंसा जताई। उन्होंनें कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता के चलते भाजपा में खलबली है। यही कारण है कि केन्द्रीय गृहमंत्री बार-बार भोपाल आ रहे हैं। पीएम के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हालांकि इन सबसे कुछ नही होने वाला है। क्योंकि भाजपा का झूठा राग कर्नाटक की जनता ने फेल कर दिया। वहां प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य एवं भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की खूब सभाएं कराई। लेकिन जनता पहले से मन बना चुकी थी। पूर्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि ऐसे ही परिणाम मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेंगे। इधर, इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंनें कहा कि कांग्रेस जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ तैयार है। इसका अंदाजा यहां मौजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह से लगाया जा सकता है। श्री पटेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि विस चुनाव में एक-एक कार्यकर्ता की भूमिका अहम है। बगैर किसी दबाव एवं भय के पार्टी हित में काम करें। अगर कोई अड़चनें आती है तो तुरंत जिला कार्यालय में संपर्क करे। उन्होंनें कहा कि कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान संगठन की प्राथमिकता है। जिला प्रभारी अवधेश सिसौदिया ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता पार्टी का मुख्य आधार है। जिस पर केन्द्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का पूरा ध्यान है। उन्हीं के मार्गदर्शन में प्रत्येक कार्यकर्ता की जबावदेही तय की जा रही है। मैं भी अधिकांश समय यहीं पर रहूंगा। इस दौरान आपसी सामन्जस्य पर फोकस रहेगा। कोई कमी अथवा किसी तरह की गड़बड़ी मालूम पड़ते ही कार्यकर्ता सीधे संपर्क कर सकते हैं। श्री सिसौदिया ने दावा किया कि जिले की दोनों सीट पर विजय पताका फहराएंगे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ रामकिशोर दोगने, पूर्व अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी लक्ष्मीनारायण पंवार, म.प्र कांग्रेस के पूर्व सचिव प्रकाशचंद्र वशिष्ठ, बद्री पटेल सांगवा, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष केदार सिरोही, पूव्र नपाध्यक्ष हेमंत टाले, यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष आमिर पटेल, खिरकिया जनपद अध्यक्ष रानू पटेल, पार्षद सुप्रिया पटेल, अमर रोचलानी, अजयसिंह राजपूत, आनंद पटेल सोनतलाई, सिद्धांत तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
किसान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि नेता और कार्यकर्ता के बीच अटूट विश्वास हो, ताकि एक-दूसरे के प्रति पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया जा सके। लोगों का ये कहना कि सरकार बनते ही सब भूल जाते हैं, इस बात का भ्रम तोड़ना होगा। तभी अपेक्षाकृत परिणाम मिलेंगे। श्री यादव ने सारी अटकलो पर विराम लगाने की दिशा में इस बार समय पर प्रत्याशी घोषित करने की बात भी रखी। उनके मुताबिक ऐसा करने से प्रत्याशी को जहां पर्याप्त समय मिलेगा, वहीं इससे एकजुटता तथा कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम खड़ी करने का मौका भी मिलेगा।
खिरकिया जनपद पंचायत की अध्यक्ष रानू दशरथ पटेल ने कहा कि भाजपा के लोग भ्रम फैला रहे हैं कि कांग्रेस ने कोई कर्ज माफ नही किया। जबकि सदन में इस बात को स्वीकार करना पड़ा कि 27 लाख किसानों का कर्ज माफ हुआ। इसी प्रकार संबल योजना को कांग्रेस सरकार द्वारा बंद करने की बात कहते है, जो कि तथ्यहीन है। 13 महिने की कमलनाथ सरकार ने कर्ज माफी के साथ-साथ अपने वचन अनुरूप सस्ती बिजली, पेंशन वृद्धि एवं गौशालाओं का निर्माण शुरू कर चुके थे। जो कि किसान तथा आम जनता से जुड़े मसले थे। अब, गांव-गांव तथा शहरी क्षेत्र की गली-गली में जाकर लोगों को सच्चाई बताएंगे।
– सोनतलाई ब्लाक अध्यक्ष सुरेन्द्र विश्रोई ने कहा कि हर चुनाव में जमीनी कार्यकर्ता की अहम भूमिका रहती है। इसलिये जरूरी है कि उन्हें पूर्ण विश्वास दिलाएं कि हर एक परिस्थिति में पार्टी उनके साथ खड़ी है।
– खिरकिया से आए अनुरूप बायवर ने कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं मेें कोई मनभेद नही है, बल्कि वरिष्ठ नेताओं में आपसी समन्वय की कमी है। जिसे दूर करने की आवश्यकता है। क्योंकि पार्टी हारती है तो कार्यकर्ताओं का सिर झुकता है।
– चारूवा के जित्तू सोनी ने कहा कि चुनाव के वक्त नेता गड़बड़ी करते हैं और खामियाजा कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ता है। इसलिये कार्यकर्ताओं से पहले टिकिट की दौड़ में शामिल नेताओं को एक करना होगा। जरूरत पड़े तो नर्मदा दर्शन भी कराएं।
अगस्त में घोषित होंगे प्रत्याशियों के नाम
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा प्रेस से मुखातिब हुए। चुनावी तैयारियों की बात पर उन्होंनें कहा कि इस बार नेताओं को नही बल्कि कार्यकर्ताओं की राय को तवज्जों मिलेगी। इसके लिये अलग-अलग स्तर पर फीडबैक एकत्रित किया है, वहीं अन्य पहलुओं पर मंथन जारी है। जिसके आधार पर जीतने योग्य प्रत्याशियों को मैदान में उतारा जाएगा। श्री वर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के दौरे तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं से मंथन उपरांत 66 सीटों पर नाम लगभग तय हैं। जिन पर अगस्त माह के पहले पखवाड़े में मुहर लग जाएगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की ब्लाक, मंडलम एवं सेक्टर स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद कर 69 सीटों का सर्वे जुटा लिया है। अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में कुल 135 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करने की स्थिति में हैं। इस दौरान उनके साथ जिलाध्यक्ष ओम पटेल एवं पूर्व विधायक डॉ दोगने उपस्थित थे।
कार्यक्रम की झलकियां….
अपने-अपने नेताओं के साथ दिखें समर्थक
नेताओं के अलग-अलग स्वागत पांडाल लगे
बैनर-पोस्टर में दिखी गुटबाजी की झलक
महिला कार्यकर्ताओं की संख्या कम रही
Views Today: 2
Total Views: 34