40 किलोमीटर दूर मिला लापता युवक का शव

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। जिले के छीपावड़ थानाक्षेत्र अंतर्गत बहने वाली स्यानी नदी रपटे पर शनिवार रात को पानी के तेज बहाव में एक युवक अपनी बाईक समेत बह गया था। जिसकी बीतें दो दिनों से तलाश जारी थी। एक दिन पहले यानि सोमवार को हादसे के करीब 40 घंटे बाद एसडीईआरएफ की टीम को लापता युवक की बाईक घटनास्थल से करीब दो सौ मीटर दूर मिली थी। परंतु उसकी कोई खोज-खबर नही मिली। बावजूद सर्चिंग दल उसे ढूंढने के लगातार प्रयास कर रहे थे। परिणामस्वरूप मंगलवार को एसडीईआरएफ की टीम ने लापता युवक का शव खोज निकाला। होमगार्ड अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार युवक का शव घटनास्थल से करीब 40 किलोमीटर दूर ग्राम देवपुर स्थित नर्मदा के वैक वॉटर में तैरता हुआ मिला है। जिसे जवानों ने बोट की मदद से बाहर निकालकर उसका शव पीएम के लिये खिरकिया रवाना कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात को बेडियांकला निवासी बालकदास उम्र 30 साल छीपावड़ से बाजार करके वापस अपने घर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में छीपावड़-सिराली के बीच बहने वाली स्यानी नदी उफान पर थी। जिसके चलते रपटा पानी में डूबा हुआ था। इस बीच बालकदास बाईक से रपटा पार करने के लिये आगे बढ़ने लगा तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रपटा पार करने से रोका। लेकिन उसने एक ना सुनी और पानी में उतर गया। इस दौरान कुछ कदम चलने के बाद तेज बहाव में बालकदास का संतुलन बिगड़ गया और बाईक समेत पानी में समा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। उधर, खबर मिलते ही छीपावड़ और सिराली दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि रात 10 बजे अंधेरा ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नही हो सका। परंतु दूसरे दिन रविवार सुबह से एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड की संयुक्त टीम सर्चिंग जुट गई थी। टीम ने घटना के दूसरे दिन यानि सोमवार को उसकी बाईक को ढूंढ लिया, वहीं मंगलवार को उसका शव भी बरामद कर लिया है।

201 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!