साउथ कोरिया की टीम ने किया नर्मदांचल का भ्रमण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। आज साउथ कोरिया की एक टीम ने कार्बन क्रेडिट के क्षेत्र में कार्य करने के लिए नर्मदांचल के हरदा व सीहोर जिले का भ्रमण किया। इससे पूर्व गत दिवस यह टीम नर्मदापुरम् जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रुपई एग्री फारेस्ट के माध्यम से किए जा रहे १ करोड़ २० लाख पौधरोपण का जमीनी स्तर पर अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं से रुबरु हुई। आज टीम के सदस्यों ने जिले के पर्यावरणविद् एवं रुपई एग्री फारेस्ट के एमडी गौरीशंकर मुकाती के मसनगांव स्थित निवास पर पहुंचकर यहां चल रहे वृक्षारोपण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान टिमरनी विधायक संजय शाह, वनमंडलाधिकारी सामान्य अनिल चोपड़ा सहित श्री मुकाती की टीम से यहां की भावी संभावनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। साउथ कोरिया की टीम में डोगह्युक ली, हाना सिक्योरिटीज ग्लोबल मार्केटिंग ट्रेडिंग के प्रबंध निदेशक और प्रमुख, जी हेओंग हाना सिक्योरिटीज मैनेजर ग्लोबल मार्केटिंग ट्रेडिंग, सुश्री क्यूंगह्वा जियोन बीफ्लैट सेवाएं, व्हीएनव्ही एडवाइजरी के डायरेक्टर संदीप राय चौधरी तथा आईएमपीसीए के डायरेक्टर विक्रांत तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। हाना सिक्योरिटीज के एमडी डोगह्युक ली ने कहा कि इस क्षेत्र में कार्य करने की अपार संभावनाएं है। हम इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण योजना को लागू करना चाहते है। वर्तमान में जो १ करोड़ २० लाख पौधरोपण का प्रोजेक्ट चल रहा है हम इसे ६ करोड़ तक पहुंचाने की कार्ययोजना बना रहे है। उन्होंने कहा कि मिस्टर गौरीशंकर मुकाती के नेतृत्व में जो वर्तमान कार्य किया जा रहा है वह उत्कृष्ट कार्ययोजना का परिचायक है। हमने गत दिवस उन नर्सरियों का भी भ्रमण किया है जहां बड़े पैमाने पर पौधे तैयार किए जा रहे है और उनके रोपण की व्यवस्थाओं को भी देखा है। एक सुव्यवस्थित कार्ययोजना के तहत इस प्रोजेक्ट को लागू किया जा रहा है। जिससे हमें पूर्ण संभावना है कि हमारा यह प्रोजेक्ट पूरी तरह सफल होगा। इस क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी को देखते हुए यहां पर सागौन की अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है। अपेक्षाकृत कम समय में सागौन अच्छी ग्रोथ करता है। कार्बन क्रेडिट के क्षेत्र में हम मध्यप्रदेश में आने वाले समय में और भी बड़े प्रोजेक्ट प्रारंभ करने की इच्छा रखते है। इस अवसर पर हरदा वनमंडलाधिकारी सामान्य अनिल चोपड़ा ने शासन स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। साउथ कोरिया की टीम ने इस क्षेत्र का भ्रमण करते हुए अपने भारत टूर को सफल और आनंददायक बताया।

 

कृषि मंत्री ने किया पारंपारिक अभिनंदन

साउथ कोरिया की टीम ने पर्यावरणविद् गौरीशंकर मुकाती के नेतृत्व में कृषि मंत्री कमल पटेल से उनके निजी निवास बारंगा में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री पटेल ने टीम के सभी सदस्यों का भारतीय परंपरा से तिलक लगाकर स्वयं के हाथों से साफा बांधते हुए शाल श्रीफल से आत्मीय अभिनंदन किया। मंत्री श्री पटेल ने टीम को आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश में आपकी कंपनी द्वारा चलाए जाने वाले वर्तमान और भावी प्रोजेक्टों में मध्यप्रदेश सरकार पूरा सहयोग करेगी। हम कार्बन क्रेडिट के क्षेत्र में वृहद पैमाने पर कार्य करने के लिए आपके साथ तैयार है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शून्य प्रतिशत कार्बन का लक्ष्य हासिल करने के लिए वर्ष २०७० की समयसीमा तय की है। परंतु मध्यप्रदेश सरकार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में इस लक्ष्य में बड़ी भागीदारी और भूमिका निर्वहन करना चाहती है। अगर इसमें आपकी कंपनी मध्यप्रदेश की धरती पर इस तरह के बड़े प्रोजेक्ट लाती है तो प्रदेश सरकार उसका स्वागत करती है। इस दौरान साउथ कोरिया की टीम द्वारा कृषि मंत्री कमल पटेल को अपने यहां की टी-शर्ट भेंट की गई।

तपती धरती को सराहा

दैनिक अनोखा तीर द्वारा जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसे विश्वव्यापी मुद्दे को लेकर प्रकाशित की जा रही पाक्षिक तपती धरती की प्रति संपादक प्रहलाद शर्मा द्वारा साउथ कोरिया की टीम को भेंट की गई। इस विशेष पाक्षिक को लेकर टीम के सदस्यों से हुई विस्तृत चर्चा में उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण और कार्बन क्रेडिट के क्षेत्र में यह भी एक अहम योगदान है। इस अवसर पर व्हीएनव्ही एडवाइजरी के डायरेक्टर संदीप राय चौधरी ने कहा कि तपती धरती के माध्यम से हम आम जनता के बीच जनजागृति का प्रयास कर सकते है। इससे भारत सरकार तथा विश्व के अन्य देशों में किए जा रहे प्रयासों से सीधे जनता को अवगत कराते हुए उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है। वहीं आईएमपीसीए के डायरेक्टर विक्रांत तिवारी ने कहा कि हम तपती धरती के माध्यम से अन्य देशों में किए जा रहे कार्यों का प्रकाशन करते हुए भारत में भी इसके प्रति जागरुकता लाने का प्रयास कर सकते है। वहीं भारत सरकार द्वारा इस दिशा में किए जाने वाले प्रयास और लिए जाने वाले निर्णयों से देश ही नहीं अपितु विदेशों को भी अवगत करा सकते है। उन्होंने कहा कि तपती धरती का यह अंक विभिन्न संचार माध्यमों से अन्य देशों तक भी पहुंचाने की एक सराहनीय पहल की जा रही है।

Views Today: 2

Total Views: 204

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!