अनोखा तीर, हरदा / खिरकिया। छीपाबड़-सिराली के बीच बहने वाली स्यानी नदी में शनिवार देर रात हुए हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्चिंग में जुटी हुई है। जिसे सोमवार को युवक की बाईक मिलने की बात सामने आई है। हालांकि फिलहाल युवक का कोई भी सुराग हाथ नही लगा है। जिसके चलते पीड़ि परिवार के आंसू थमने का नाम नही ले रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात 9 बजे के आसपास स्यानी नदी के पुल पर पानी बह रहा था। इस दौरान पहटकला निवासी एक युवक बाइक से पुल पार कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और युवक बाईक सहित नदी में बह गया। घटना की सूचनान छीपावड़ एवं सिराली पुलिस को मिलनी। जिसके बाद तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। परंतु अत्यधिक अंधेरा होने की वजह से युवक को तलाश करने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके दूसरे दिन यानि रविवार को नदी में पानी कम होते ही होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की टीम सर्चिंग में जुट गई थी, जो कि सोमवार को भी जारी रही। होमगार्ड से मिली जानकारी के अनुसार 2 मोटरबोट से 12 घंटे लगातार पेट्रोलिंग की है। जवानों ने लाइफ जैकेट पहनकर नदी के दोनों किनारों पर लगभग 5 किलोमीटर तक सर्चिंग की। इस दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर युवक की बाईक मिल गई है, लेकिन लापता युवक का कोई पता नही चला है। बता दें कि शनिवार रात 9 बजे छीपाबड़ हाट बाजार से एक युवक वापस अपने घर लौट रहा था। इस बीच स्यानी नदी पार करते समय लोगों ने उससे काफी मना किया। परंतु उसने किसी की बात नही मानी और बाईक लेकर निकल पड़ा। जो कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद पानी के तेज बहाव में बह गया। इसके बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल डॉयल 100 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी।

