अनोखा तीर, मसनगांव। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। पिछले 1 साल से ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। जिसमें बारिश का सीजन शुरू होते ही कटौती चरम सीमा पर है। पिछले दिनों हुई तेज हवा और आंधी के बाद बारिश होने से क्षेत्र की बिजली 20 घंटे बंद रही। जैसे तैसे शनिवार शाम 6 बजे बिजली चालू हुई। इसके बाद भी कई बार बिजली बंद होने से ग्रामीणों को परेशान होना पड़ा। वहीं रविवार के दिन भी सुबह से लेकर शाम तक विद्युत प्रदाय बंद रहा। इस वजह से ग्रामीणों के कार्य प्रभावित हुए। विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा 33 केव्ही लाईन का मेंटेनेंस करने के बावजूद फाल्ट की समस्या बनी होने से घंटों बिजली बंद रहती है। मसनगांव डीसी में आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा लाईन का रखरखाव किया जा रहा है। जिन्हें लाईन फाल्ट होने पर ढूंढने में ही घंटों लग जाते हैं। इसके कारण घंटो तक बिजली बंद रहती है।
जिम्मेदारो की अनदेखी से बिगड़ रही व्यवस्था
विद्युत वितरण कंपनी में कोई भी जिम्मेदार लाइनमेन न होने से वितरण व्यवस्था गड़बड़ा रही है, जो अधिकारी बैठे हुए हैं, वह अनदेखी कर व्यवस्था को सुधारने का प्रयास नहीं कर रहे हैं। जिस वजह से 11 केवी के साथ 33 केवी तथा एलटी लाइन की हालत खराब बनी हुई है। सरकार भले ही 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का दावा करें। जमीनी हकीकत में ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश में पर्याप्त बिजली होने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होना अधिकारियों की नाकामी है। जहां वितरण कंपनी द्वारा क्षेत्र में बिजली के मीटर लगाए जा रहे हैं। वही कटौती की ओर ध्यान नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्य के लिए परेशान होना पड़ रहा।

