अजनाल हुई लबालब

हवा-पानी से टूटी वृक्ष की डाली।

यातायात सिग्नल टूटा।

गुमटी को क्षति।
अनोखा तीर हरदा। कल शाम से ही हरदा का मौसम करवट बदलने लगा था। इसके बाद रात ढलते ही हवा-आंधी के साथ आई तेज बारिश ने भारी कमाल दिखाया। देखते ही देखते बादल इतने तेज बरसने लगे कि हर गली, मोहल्ले और शहर की प्रमुख सड़कों पर काफी मात्रा में पानी बहने लगा। इसके चलते सड़कों पर पानी का इतना सैलाब हो गया कि कई लोगों के घरों में भी प्रवेश कर गया। सीजन की इस पहली बारिश का ही कमाल था कि इस पावस मौसम में पहली बार अजनाल नदी इठलाकर बहने लगी। अजनाल की बाढ़ से हालांकि कहीं कोई ज्यादा नुकसान होने की खबरें नहीं मिली। मगर तेज हवा-पानी से शहर में कई स्थानों पर खासकर झुग्गी बस्ती और गुमटियों को नुकसान हुआ है। रात्रि में दो-तीन घंटे पानी गिरने के बाद यह धीरे-धीरे सारी रात बरसता रहा। इस दौरान बिजली की आवाजाही ने भी लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया।
तेजी से बढ़ा अजनाल का जलस्तर
रात्रि में हुई भारी बारिश और पहाड़ी क्षेत्र में गिरे पानी का असर यह हुआ कि नगर की सीमा पर बहने वाली अजनाल नदी एकाएक उफान पर आ गई। इससे निचली बस्ती के लोगों को जरूर परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं झुग्गी बस्तियों में लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा। हवा इतनी तेज थी कि कई घरों की छत से टीन उड़ गए। वहीं नगर में अनेक स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर विद्युत लाइन पर गिर गई। इससे रात्रि में बार-बार लाइन ट्रिपिंग की समस्या का सामना करना पड़ा। शहर में कई जगह वृक्षों की भारी डालियां टूटकर गिरने से कच्चे मकान और गुमटियों-झुग्गियों में नुकसान हुआ। जिला अस्पताल चौराहे पर एक यातायात सिग्नल उखड़ गया, तेज हवा-पानी में जिला सहकारी बैंक के सामने लगा हैंडपंप भी अपनी जगह पर तिरछा हो गया, वहीं एक पान की गुमटी को भी काफी नुकसान हुआ। इस तरह नगर में जगह-जगह मौसमी कहर के अनेक नजारे देखने को मिले हैं। संतोषजनक बात यह कि पूर्व के वर्षों की तरह बड़ी संख्या में लोगों के विस्थापन की नौबत नहीं आई।
Views Today: 2
Total Views: 70

