
अनोखा तीर, हरदा। तमाम अधिकारी आते हैं और जाते हैं, मगर हरदा के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस बस स्टैंड का मिजाज बिल्कुल नहीं बदला। आज भी पुलिस विभाग की यह सबसे फिसड्डी बीट बनी हुई है। ज्ञात हो कि पुलिस विभाग के तत्कालीन एसपी एवं कालांतर में बने डीआईजी जी जनार्दन ने जिले में आधा दर्जन स्थानों को चिन्हित कर वहां अपराधों पर नकेल कसने पुलिस चौकी की स्थापना करने की अनुशंसा की थी। इसमें नगर के बस स्टैंड क्षेत्र, खेड़ीपुरा, फाईल वार्ड सहित मोरगढ़ी और टेमागांव को चिन्हित किया था। अब खेड़ीपुरा क्षेत्र में सिविल लाइन थाना बनने से यह एक चौकी खत्म हो गई है। किंतु बाकी के स्थानों पर अभी भी व्यवस्था बनाना बाकी है। बताना जरूरी है कि ये सभी चिन्हित स्थान ऐसे हैं जहां अपराधियों की सक्रियता अधिक होने के साथ वहां पुलिस की व्यवस्था न के बराबर। नगर में पांच पुलिस थाने हैं- सिविल लाईन पुलिस थाना, अजाक थाना, महिला पुलिस थाना, सिटी कोतवाली, यातायात पुलिस थाना आदि होने के बाद भी व्यवस्था नहीं संभल रही है। इस कारण ये तमाम अवैध गतिविधियों का केंद्र बने हुए हैं।
जिला मुख्यालय पर बसस्टैंड की स्थिति चिंताजनक
स्थानीय नेताजी सुभाषचंद्र बोस नए बस स्टैंड पर आए दिन लोगों की जेबकटी, यात्रियों का सामान उठाना, महिलाओं के साथ अभद्र बर्ताव, छींटाकसी, सटोरियों का जमघट, मोबाइल पर पैसों से गेम, जैसे अनेक अवैध काम आम हैं। पुलिस प्रशासन की अनदेखी के चलते यहां असामाजिक तत्वों की गतिविधियां आम हैं।
चौकी है पर स्टाफ नहीं
कहने को तो पुलिस विभाग ने बस स्टैंड पर एक चौकी बना कर अपनी औपचारिकता पूर्ण कर दी है। परंतु उसमें बैठने के लिए स्टाफ नहीं दिया है। पूर्व में पुलिस अधिकारियों ने यहां संयुक्त गश्त किया था। इसमें झुग्गी बस्ती की महिलाओं ने एडिशनल एसपी सहित दोनों थाना प्रभारियों को यहां घटित होने वाली घटनाओं से अवगत कराया था। फिर भी किसी प्रकार की कोई व्यवस्था पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं की गई। ऐसा बताते हैं कि यहां तैनात पुलिस के जवान सिर्फ अपना महीना लेने आते हैं। कई वर्षों पहले जब शहर में एक थाना था, तब यहां सुबह 8 बजे से रात्रि 10.30 बजे मार्केट बंद होने तक एक पुलिस कर्मी की ड्यूटी 10-10 दिन की लगाई जाती थी। उन्हें समय-समय पर चेक भी किया जाता था। अब हरदा में दो थाने और दो पुलिस चौकी होने के बाद भी व्यवस्था नहीं बन पा रही।
भंगार चोरों ने बनाया चौकी को निशाना
हरदा बस स्टैंड पर पुलिस विभाग जैसे-तैसे व्यवस्था कर चौकी बनाई गई। यह चौकी टीन के पत्रों से बनी है। मगर देखभाल न होने से विगत दिवस कुछ अज्ञात भंगार चोरों ने इसे निशाना बनाने का प्रयास किया। इससे पुलिस चौकी का फाटक जर्जर हो गया है।
Views Today: 2
Total Views: 96

