वनांचल के किसानों को राहत, स्व-घोषणा के आधार पर मिलेगा खाद-बीज का ई-टोकन

अनोखा तीर, रहटगांव। वन क्षेत्र में निवासरत जिन किसानों के पास खेती की भूमि का पट्टा या वनाधिकार प्रमाण पत्र नहीं था, उन्हें ई-टोकन पोर्टल के माध्यम से खाद-बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। इस गंभीर समस्या को लेकर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उइके के हरदा प्रवास के दौरान टिमरनी के पूर्व विधायक संजय शाह के साथ गौली, गौलान तथा अन्य आदिवासी किसान प्रतिनिधियों ने उनसे भेंट कर अपनी समस्या से अवगत कराया। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने मुख्यमंत्री से चर्चा कर ई-टोकन पोर्टल में संशोधन कराया। अब जिन किसानों के पास जितनी भूमि पर कब्जा है, उसका स्व-घोषणा पत्र (स्वयं प्रमाणित प्रमाण पत्र) पोर्टल पर जमा करने के बाद उसी भूमि के अनुसार खाद-बीज का ई-टोकन जारी किया जाएगा। इस निर्णय पर क्षेत्रवासियों ने केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, टिमरनी के पूर्व विधायक संजय शाह तथा पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस संबंध में हरदा कृषि विभाग के डीडीए प्रकाश ठाकुर ने बताया कि किसानों को परेशानी से बचाने के लिए शासन ने स्व-प्रमाणित घोषणा पत्र की व्यवस्था की है। किसान स्वयं अपनी भूमि का विवरण प्रमाणित कर प्रस्तुत करेंगे, जिसके आधार पर उन्हें खाद-बीज उपलब्ध कराया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply