बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम के लिए जिले में चलाया जागरुकता अभियान

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के समन्वय से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य भिक्षावृत्ति में संलिप्त बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराना, पुनर्वास की प्रक्रिया से जोड़ना तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। अभियान के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान भिक्षावृत्ति करते मिले बच्चों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें भिक्षावृत्ति छोड़कर शिक्षा एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। संयुक्त दल ने नागरिकों से भी अपील की कि वे बच्चों को भीख देने के बजाय उन्हें शासन की पुनर्वास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें। साथ ही बताया गया कि बच्चों से भीख मंगवाना उनके अधिकारों का हनन है। ऐसे मामलों की सूचना संबंधित विभाग अथवा जिला प्रशासन को तत्काल दें, ताकि समय पर आवश्यक संरक्षण एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों एवं व्यक्तियों का पुनर्वास कर उन्हें शिक्षा, आजीविका एवं सामाजिक सुरक्षा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनाना है। इसी उद्देश्य से जिले में समय-समय पर जागरूकता एवं पुनर्वास संबंधी गतिविधियां निरंतर संचालित की जाएंगी।

0 Views

Leave a Reply