बारिश में बरतें सावधानी, बिजली बाधित होने पर 1912 या चैटबॉट पर करें संपर्क

अनोखा तीर, हरदा। आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से धैर्य रखने और सुधार कार्य में सहयोग करने की अपील की है। कंपनी का कहना है कि ऐसे मौसम में बिजलीकर्मी जोखिम उठाकर सुरक्षा उपकरणों के साथ विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहते हैं। इसलिए उपभोक्ता बिजली कंपनी या कर्मचारियों को दोष देने के बजाय सहयोग करें। कंपनी के अनुसार आंधी-तूफान और बारिश के दौरान स्थानीय फॉल्ट की घटनाएं अधिक होती हैं। कई बार इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होने या अन्य तकनीकी कारणों से फीडर स्वत: बंद हो जाते हैं, जिससे जान-माल की हानि की संभावना टल जाती है। इसके बाद बिजलीकर्मी खराबी का पता लगाकर आपूर्ति बहाल करते हैं। फॉल्ट का पता लगाने में समय लग सकता है, क्योंकि कई बार पूरी लाइन की जांच करनी पड़ती है। कंपनी ने बताया कि बारिश के मौसम में प्रत्येक घर में एमसीबी (मिनिएचर सर्किट ब्रेकर) लगाना चाहिए, ताकि किसी तकनीकी गड़बड़ी की स्थिति में बिजली आपूर्ति स्वत: बंद हो जाए। साथ ही अर्थिंग की समय-समय पर जांच कराएं। बिजली उपकरणों के आसपास सीलन न होने दें और वायरिंग को सुरक्षित रखें। पशुपालकों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान पशुओं को बिजली के खंभों या स्टे वायर से न बांधें। यदि कहीं बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत बिजली कंपनी को सूचना दें। तबेलों के आसपास खुली वायरिंग भी नहीं होनी चाहिए। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर 15 से 20 मिनट प्रतीक्षा करने के बाद बिजली कंपनी के कॉल सेंटर 1912, व्हाट्सएप चैटबॉट 0755-2551222 अथवा उपाय एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

0 Views

Leave a Reply