अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिला मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान हंडिया तहसील के किसानों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार की सद्बुद्धि के लिए दंडवत यात्रा निकाली। किसानों ने कृषि उपज मंडी से पंच पिपलेश्वर महादेव मंदिर तक रैली निकाली। इसके बाद सड़क से मंदिर के मुख्य द्वार तक दंडवत करते हुए पहुंचकर भगवान महादेव से सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। किसानों का कहना है कि जिले में मूंग की औसत पैदावार 15 से 16 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। ऐसे में प्रति एकड़ 120 किलोग्राम खरीदी सीमा उचित नहीं है। इस सीमा से खेती पर होने वाला खर्च भी नहीं निकल पा रहा है। किसानों के अनुसार कम खरीदी सीमा के कारण बची हुई उपज मंडी में कम कीमत पर बेचनी पड़ रही है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी शुरू नहीं की गई तो आने वाले दिनों में भोपाल में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि खरीदी की मात्रा नहीं बढ़ाई गई तो इसका असर आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा। किसानों ने खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि केंद्र कम होने से किसानों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे परिवहन खर्च बढ़ता है। वहीं तौल में देरी और स्लॉट या टोकन नहीं मिलने से उपज समय पर नहीं बिक पाती।
मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग पर किसानों की दंडवत यात्रा

0 Views




