तेज रफ्तार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत

-करताना और तजपुरा के बीच हुआ हादसा, चालक हिरासत में

अनोखा तीर, हरदा। जिले में रविवार रात करीब आठ बजे हुए सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा करताना चौकी क्षेत्र में हुआ। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है, जहां सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टिमरनी थाना क्षेत्र की करताना चौकी अंतर्गत ग्राम कुहिग्वाड़ी निवासी सुधीर पिता सुरेश तोमर (38) सेटिंग लगाने का काम करता था। रविवार शाम को वह करताना में काम समाप्त कर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान करताना और तजपुरा के बीच हनुमान मंदिर के पास रेत से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुुरी में भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक सुधीर अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र 9 वर्ष और 5 वर्ष है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने लापरवाहीपूर्वक ट्रैक्टर चलाने वाले चालक को हिरासत में ले लिया है तथा रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी चौकी पर लाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

0 Views

Leave a Reply