बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिलों को लेकर कांग्रेस ने किया विद्युत मंडल का घेराव

अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई के नेतृत्व में जिला एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस द्वारा विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। जिला अध्यक्ष मोहन सांई एवं ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास ने बताया कि हरदा जिले में मध्यप्रदेश विद्युत मंडल को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपए मेंटेनेंस के नाम पर मिलते हैं। प्रतिदिन मेंटेनेंस के नाम पर 4 से 6 घंटे तक बिजली बंद की जाती है, लेकिन विभाग की घोर लापरवाही के कारण मेंटेनेंस के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती रही है, जिसका खामियाजा शहर एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस कार्य में उपयोग की जा रही केबल एवं तार घटिया गुणवत्ता के लगाए जा रहे हैं, जिससे बार-बार तार और केबल जलने की घटनाएं हो रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस वर्ष भी मेंटेनेंस के नाम पर विगत दो माह से अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इसके अलावा थोड़ी सी हवा चलने पर भी रातभर बिजली बंद रहती है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी के झूठे प्रकरण बनाए जा रहे हैं तथा बड़े-बड़े बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसजनों ने मांग की कि अघोषित बिजली कटौती बंद की जाए, स्मार्ट मीटर लगाना बंद किया जाए तथा बढ़े हुए बिजली बिल वापस लिए जाएं। जिन उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी के झूठे प्रकरण बनाए गए हैं, उन्हें भी वापस लिया जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि विद्युत मंडल द्वारा छोटी हरदा के पास बनाए गए नए कार्यालय के कारण उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए शहर से लगभग 4 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा। ऐसे में शहरी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रताप टॉकीज स्थित कार्यालय को यथावत रखा जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस पार्टी जिला मुख्यालय पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने के दौरान अधिकारियों एवं कांग्रेस नेताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले, पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, सोनतलाई ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्र बिश्नोई, अहद खान, सुप्रिया पटेल, प्रमिला सिंह ठाकुर, जिला प्रवक्ता आदित्य गार्गव, इकबाल अहमद, अमर रोचलानी, सुरेन्द्र सराफ, आशुतोष कोठारी, सुनील सिंह राजपूत, धर्मेन्द्र चौहान, योगेश चौहान, प्रमोद तिवारी, यतीन्द्र केसरवानी, संदीप गौर, रमेश सोनकर, सचिन कुचबंदिया, मुन्ना पटेल, डॉ. जैदी, हरीश गुप्ता, संजय सैनी, मुजाइद अली, मोहन ठाकुर, कु. मंजीत सिंह, असलम लाला, कृष्णा विश्नोई, सुमित ओनकर, शरद विश्नोई, गोरेलाल सिसोदिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply