हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिवाली के दिन हुये अंधे कत्ल का पर्दा फास हुआ है । मृतक की पत्नी जुगराई बाई ने थाने में बताया कि उसका पति सुखलाल कलमे उम्र 45 साल निवासी ग्राम इमलीढ़ाना खालवा हाल ग्राम लालमाटी में रामदीन मालवीय के घर रहकर मजदूरी कर रहा था, जो दीपावली के दिन सुबह 06.00 बजे गाय-भैंस चराने के लिए ग्राम लालमाटी के आस-पास खेतों में गया था जो घर वापस नहीं आया, खेत मालिक रामदीन और उसके लडके गोविंद और गजानन सुखलाल को ढूंढने निकले तो पता चला कि ग्राम लालमाटी के पास एक खेत में उसकी लाश मिली है। जिसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर देखा तो मृतक सुखलाल का शव बीच खेत में पड़ा था, मृतक सुखलाल के चेहरे पर चोट के निशान थे। उक्त रिपोर्ट पर थाना सिराली में अपराध कं० 300/25 धारा 103 (1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवचना में लिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की गई तथा मुखबीर सूचना एकत्र की गई जिसमें ज्ञात हुआ कि मृतक सुखलाल के साथ घटना दिनांक को उसका खेत मालिक रामदीन गाय-भैंस चराने गया था जो रामदीन दो-तीन घंटे बाद वापस आया था। उक्त सूचना की तस्दीक हेतु खेत मालिक रामदीन से हिकमत-अमली से पूछताछ की गई जिसने बताया कि खेत मालिक रामदीन का मृतक सुखलाल की पत्नी से अवैध संबंध था एवं मृतक सुखलाल अपनी पत्नी को लेकर काम छोडकर जाने की बात कर रहा था, तथा मृतक अपनी मजदूरी के 50000 रूपये की मांग कर रहा था। उक्त बात पर से उसने मजदूर सुखलाल की गाय-भैंस चराने के दौरान लाठी चेहरे पर मारकर हत्या कर दी। आरोपी खेत मालिक रामदीन मालवीय उम्र 58 साल निवासी ग्राम लालमाटी को गिरफ्तार कर उसकी निशादेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी जप्त की गई।

Views Today: 2
Total Views: 330

