जीएसटी रिफॉर्म जनजागरण सिर्फ दिखावा : सुभाष जायसवाल

अनोखा तीर, टिमरनी। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने भाजपा द्वारा किए जा रहे जीएसटी रिफॉर्म जनजागरण कार्यक्रम को महज दिखावा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीएसटी दरों में कटौती के जश्न के नाम पर क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके टिमरनी आए, लेकिन उन्होंने आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों से चर्चा नहीं की। वे केवल भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा से जुड़े व्यापारियों से मिलकर रस्म अदायगी कर लौट गए। जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के इस तथाकथित जीएसटी रिफॉर्म से आम जनता और छोटे व्यापारियों को कोई लाभ नहीं मिलेगा। पिछले आठ वर्षों में सरकार ने जीएसटी के रूप में 127 लाख करोड़ रुपये वसूल किए, जिसमें से लगभग 64 फीसदी यानी करीब 80 लाख करोड़ रुपये गरीब और मध्यवर्गीय परिवारों से लिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अब कटौती के नाम पर झूठी वाहवाही लूटना चाहती है। उन्होंने कहा कि जश्न मनाने की बजाय सांसद को टिमरनी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा करनी चाहिए। नगर की व्यावसायिक प्रगति लगातार गिर रही है, ब्रिज निर्माण के कारण जनता और व्यापारी परेशान हैं। इसके अलावा टिमरनी रेलवे स्टेशन की दुर्दशा, रेलगाड़ियों के स्टॉपेज और स्थानीय विकास की अनदेखी पर ध्यान दिया जाना चाहिए। जायसवाल ने कहा कि जनता को जीएसटी के जश्न के नाम पर झूठे सपने दिखाना बंद किया जाए और वास्तविक समस्याओं पर कार्य किया जाए।

249 Views

Leave a Reply