अनोखा तीर, हरदा। रविवार रात करीब 10.15 बजे हरदा के डबल फाटक के पास एक 22 वर्षीय महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान अश्विनी वर्मा, निवासी टिमरनी वार्ड . 9 लोधी मोहल्ला, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अश्विनी अपने पति नितिन के साथ गणेश प्रतिमाओं के दर्शन करने हरदा आई थी। घटना के समय फाटक बंद था। नितिन टॉयलेट गया हुआ था और अश्विनी बाइक के पास खड़ी थी। इस दौरान वह बंद गेट पार करने का प्रयास करने लगी। हरदा स्टेशन से खंडवा की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन को देखकर वह लौटने लगी, तभी विपरीत दिशा से आ रही पवन एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला का शव करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया। हादसा डाउन ट्रैक के गेट नंबर 204 के पास हुआ। अश्विनी का मायका महाराष्ट्र में है। उसकी शादी तीन वर्ष पहले नितिन वर्मा से हुई थी, जो हरदा में एक होटल में रसोइया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या थी या हड़बड़ी में हुआ हादसा। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, 100 मीटर दूर जा गिरा शव

402 Views



