अनोखा तीर, हरदा। टिमरनी विकासखंड के ग्राम दूधकच्छ कलां स्थित शासकीय नवीन माध्यमिक शाला का भवन जर्जर हालत में है। छत की फरसियां और प्लास्टर ढीले होकर कभी भी गिर सकते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है।

मजबूरी में बच्चे भय के साये में पढ़ाई कर रहे हैं, वहीं जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। विद्यालय की स्थिति अत्यंत दयनीय है। शौचालय पूरी तरह खराब पड़े हैं, ग्राउंड में पानी भरा रहता है जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। बच्चे गीली नेट और टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। विद्यालय वर्तमान में अतिथि शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहा है। प्रभारी प्राचार्य अरविंद शर्मा ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर उच्च अधिकारियों को लिखित में सूचना दी जा चुकी है। वहीं जिला परियोजना समन्वयक बलवंत पटेल ने कहा कि मामला संज्ञान में आ चुका है। 1 अगस्त को ही जिले के जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए राज्य शिक्षा केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया है और इस विद्यालय के लिए भी राशि की मांग की गई है। डीपीसी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन भवनों की स्थिति खतरनाक है, उनमें कक्षाएं संचालित न की जाएं, बल्कि वैकल्पिक संसाधनों का उपयोग किया जाए।





