हरदा नगर को मिलेगी नई सौगात

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-नेताजी सुभाषचंद्र बोस बस स्टैंड का होगा नवनिर्माण
-बस यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं, व्यापारियों को मिलेगा दुकान आवंटन का अवसर
अनोखा तीर, हरदा।  नगर में विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरदा नगर पालिका जल्द ही नेताजी सुभाषचंद्र बोस बस स्टैंड के नवनिर्माण की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। यह बहुप्रतीक्षित परियोजना हरदा नगर की जनता के लिए एक बड़ी सौगात बनकर सामने आएगी। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया ने बताया कि नए बस स्टैंड के निर्माण से यात्रियों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधा युक्त वातावरण मिलेगा। साथ ही भवन में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु दुकानों एवं ऑफिस स्पेस की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। नगर पालिका सीएमओ कमलेश पाटीदार ने जानकारी देते हुए बताया कि बस स्टैंड निर्माण हेतु लगभग 9.78 करोड़ की डीपीआर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार की गई है, जिसे भोपाल स्थित नगरीय प्रशासन विभाग से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। अब यह प्रकरण प्रशासकीय स्वीकृति के लिए आयुक्त महोदय नगरीय प्रशासन के पास लंबित है। आयुक्त कार्यालय द्वारा पूछी गई आवश्यक जानकारी और स्पष्टीकरण का उत्तर नगर पालिका हरदा द्वारा भेजा जा चुका है। जैसे ही प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त होती है, ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
व्यवसायियों को मिलेगा सुनहरा अवसर
बस स्टैंड भवन का स्वामित्व नगर पालिका हरदा के पास रहेगा और इसमें व्यावसायिक दुकानों एवं कार्यालय स्पेस का विक्रय किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका द्वारा सूचना फ्लेक्स नगर के प्रमुख स्थानों नई सब्जी मंडी, बस स्टैंड, बायपास रोड, बाजार क्षेत्र आदि में लगाए गए हैं, ताकि इच्छुक व्यापारी समय रहते आवेदन कर सकें। यह परियोजना न केवल नगर की सौंदर्यता और संरचना में सुधार लाएगी, बल्कि व्यापारियों एवं युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार भी खोलेगी। नगर पालिका ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस विकास यात्रा में भागीदार बनें और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।

Views Today: 2

Total Views: 684

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!