-योग दिवस पर कृषि मंडी प्रांगण में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
-सीएम-पीएम के कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण
अनोखा तीर, हरदा। ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2025 को पूरे प्रदेश की शिक्षण संस्थाओं में सामूहिक योग प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। हरदा में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रात: 5.45 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य के लिए योग निर्धारित की गई है। कार्यक्रम अंतर्गत आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार योग अभ्यास किया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा
प्रात: 6 बजे से पूर्व सभी विद्यार्थियों एवं सहभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
-प्रात: 6 से 6.30 बजे तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आगमन एवं उद्बोधन।
-प्रात: 6.30 से 6.40 बजे तक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भोपाल से सीधा प्रसारण।
-प्रात: 6.40 से 7 बजे तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशाखापट्टनम से सीधा प्रसारण।
-प्रात: 7 से 7.45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास।
इसके अतिरिक्त, शिक्षण संस्थानों में योग के मूल सिद्धांतों एवं लाभों पर आधारित योग व्याख्यान भी आयोजित होंगे, जिनमें योग विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी शासकीय विभागों, शिक्षण संस्थानों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहभागिता सुनिश्चित करें और योग दिवस को सफल बनाएं।
Views Today: 8
Total Views: 512

