-पूर्व जिलाध्यक्ष ने पीएम पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
अनोखा तीर, हरदा। हरदा में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किसान कांग्रेस 15 जून से किसान अधिकार यात्रा शुरू करेगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल को समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग है। किसान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन बिश्नोई ने बताया कि वे गांव-गांव जाकर किसानों से चौपाल लगाकर चर्चा करेंगे। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। यात्रा के दौरान भाजपा सरकार के पिछले 11 वर्षों के किसान नीतियों पर चर्चा की जाएगी। बिश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में जो वादे किए थे, वो अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। इनमें किसानों का कर्ज माफ करना, हर साल 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देना और किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करना शामिल था। साथ ही डीजल-पेट्रोल के दाम आधे करने, गैस सिलेंडर 500 रुपए में देने और गरीबों का मुफ्त इलाज का वादा भी था।
कई किसानों ने आत्महत्या की
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आय नहीं बढ़ी, बल्कि खेती की लागत चार गुना बढ़ गई है। 2014 के बाद से कई किसानों ने आत्महत्या की है। किसान संस्थाओं के चुनाव बंद कर दिए गए हैं। कोरोना काल में लाए गए तीन कृषि कानून किसानों के विरोध के बाद वापस लेने पड़े। व्यापारियों पर स्टॉक लिमिट लगाकर किसानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। मंडियों में व्यापारियों को खरीदी से रोका जा रहा है।
Views Today: 32
Total Views: 32