-हरदा में हुआ ‘सेवा, सुशासन, गरीब कल्याणÓ विषयक कार्यक्रम
अनोखा तीर, हरदा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में हरदा जिले में भाजपा जिला कार्यालय में एक भव्य प्रोफेशनल समिट का आयोजन किया गया। समिट की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुई। इसका शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, पूर्व केबिनेट मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा और पूर्व टिमरनी विधायक संजय शाह ने संयुक्त रूप से किया। इसके पश्चात आयोजित पत्रकार वार्ता में वक्ताओं ने सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल भारत के अमृतकाल की दिशा में ऐतिहासिक कदम रहा है, जिसमें देश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। इस प्रोफेशनल समिट में विभिन्न क्षेत्रों जैसे शिक्षा, चिकित्सा, विधि, स्टार्टअप, खेल, व्यापार एवं सामाजिक सेवा में सक्रिय प्रतिष्ठित व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी गई और उनके अनुभव भी साझा किए गए। कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा ने मोदी सरकार की नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी दी। शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक बसंत सिंह राजपूत ने ‘विकसित भारत में हमारी भूमिकाÓ विषय पर वक्तव्य देते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर आर्थिक, सैन्य और तकनीकी दृष्टि से सशक्त राष्ट्र बनकर उभरा है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से भारतीय मूल्यों पर आधारित सर्वांगीण शिक्षा प्रणाली की सराहना की। पूर्व विधायक संजय शाह ने 2014 के पूर्व एवं वर्तमान भारत की तुलना करते हुए मोदी सरकार की नीतियों की प्रशंसा की और कहा कि देश ने हर क्षेत्र में असाधारण प्रगति की है। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व केबिनेट मंत्री कमल पटेल ने सशक्त भारत, सुरक्षित भारत विषय पर अपने विचार रखते हुए बताया कि मोदी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, जल आपूर्ति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने हाल ही में सेना द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब हर मोर्चे पर आत्मनिर्भर और सजग राष्ट्र बन चुका है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, सांसद एवं केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण विषय पर अपने उद्बोधन में कहा कि बीते 11 वर्षों में मोदी सरकार ने देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाई है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, पूर्वोत्तर राज्यों के विशेष विकास, और सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देने जैसे प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को परम वैभव की ओर अग्रसर करने का प्रधानमंत्री का लक्ष्य अब जन-जन का संकल्प बन चुका है। कार्यक्रम का संचालन ‘संकल्प से सिद्धि तकÓ अभियान के जिला संयोजक राजेश गोदारा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सह-संयोजक विनीत गीते ने किया। अंत में गुजरात के अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना के मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मौन रखा गया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इस अवसर पर जिले के अनेक गणमान्य नागरिक, प्रोफेशनल्स, समाजसेवी एवं भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Views Today: 66
Total Views: 66