-जिले के सैकड़ों किसानों ने पूर्व मंत्री कमल पटेल को सौंपा ज्ञापन
-पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, प्रधानमंत्री के सपने का किया जिक्र

अनोखा तीर, हरदा। ग्रीष्मकालीन मूंग फसल समर्थन मूल्य पर उपार्जन के संबंध में आज हरदा जिले के किसान सैकड़ो की संख्या में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल से मुलाकात कर समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की मांग रखी। किसानों में पूर्व मंत्री श्री पटेल से कहा कि सरकार किसानों की मूंग समर्थन मूल्य पर नहीं खरीद रही है, इस कारण से हम किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसानों द्वारा मूंग काटकर निकाल ली गई है और आगामी फसल की तैयारी करना है । अगर किसान मंडियों में मूंग फसल बेचने जाते हैं तो समर्थन मूल्य से कम में खरीदी होती है। जिससे किसानों को पन्द्रह सो रुपए से दो हजार रुपए तक का प्रति क्विंटल घाटा लग रहा है। इसलिए हमारी मांग है की मूंग फसल का समर्थन मूल्य पर उपार्जन करवाए, ताकि जो किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है उससे बचा जा सके। किसानों ने पूर्व मंत्री पटेल को याद दिलाया कि आपने कोरोनाकाल के समय जब पूरा देश संकट में था तब आपने गर्मी के दिनों में नहरों में पानी छुड़वाकर मूंग फसल की बुवाई करवाई और समर्थन मूल्य पर मूंग फसल का उपार्जन करवाया। जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया। आपने कोरोनाकाल में किसानों के बारे में सोचा और किसानों को समझा। किसानों की मांग पर पूर्व मंत्री कमल पटेल ने मुख्यमंत्री के नाम एक पत्र लिखा। जिसमें मूंग खरीदी नहीं होने से किसानों को हो रहे आर्थिक नुकसान की बात कही। साथ ही किसानों की आय दोगुनी करने के प्रधानमंत्री के सपने का जिक्र भी किया। पूर्व मंत्री कमल पटेल ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से किसानों की ग्रीष्मकालीन मूंग फसल को सर्मथन मूल्य पर खरीदी करने की मांग की है।



