-२४ हजार नगद और एक मोबाइल फोन लूट ले गए थे आरोपी
अनोखा तीर, हरदा। गुरूवार को कोतवाली पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मर्सकोले ने बताया कि छीपानेर रोड फोरलेन बायपास चौराहे पर हुई लूट की वारदात को लेकर हरदा कोतवाली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी अर्चना शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया था। फरियादी उमेश पिता गर्दन जमरे, निवासी खकनार खुर्द जिला बुरहानपुर ने 8 अप्रैल को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 अप्रैल की रात वह अपने भांजे गोविंद के साथ अंगूर की गाड़ी खाली कर वापस घर लौट रहे थे। जब वे छीपानेर रोड फोरलेन बायपास चौराहे के पास कुछ देर के लिए रुके, तभी स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर 24 हजार रुपए नगद और एक ओपो कंपनी का मोबाइल लूट लिया। कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 214/25 धारा 309 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुखबिर की सूचना पर संदेही विजेश उर्फ विजय पिता कैलाश पंवार उम्र 28 वर्ष निवासी बिश्रोई धर्मशाला के पास हरदा को हिरासत में लिया। पूछताछ में विजेश ने अपने दो अन्य साथियों भूरा राजपूत एवं चेतराम बंजारा, निवासी छीपानेर रोड हरदा के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी विजेश के कब्जे से एक सिलेटी रंग की जुपिटर स्कूटी एवं लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जबकि उसके दोनों साथी अभी फरार हैं। जिनकी तलाश जारी है। पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मर्सकोले, सउनि गयाप्रसाद दुबे, प्रआर तुषार धनगर, आरक्षक विरेंद्र राजपूत, सैनिक सूरज पासी, अरविंद दमाडे एवं संतोष ओझा की अहम भूमिका रही।
Views Today: 6
Total Views: 844

