कार्यकर्ताओं के बल पर दुनिया का सबसे बड़ा दल बनी भाजपा : हितानंद शर्मा

-गांव चलो अभियान के तहत ग्राम पोखरनी पहुंचे भाजपा संगठन महामंत्री
अनोखा तीर, हरदा। भाजपा के स्थापना दिवस से प्रारंभ हुए पार्टी के गांव चलो अभियान अंतर्गत आज प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा हरदा जिले के ग्राम पोखरनी में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। उन्होंने यहां बूथ समिति की बैठक लेने के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि महज दो सांसदों के साथ देश सेवा का सफर शुरु करने वाली भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के बल पर ही आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है। राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए अंत्योदय के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करने वाले भाजपा के कार्यकर्ता कभी अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा से समझोता नहीं करते। संगठन महामंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस हमें अपने संगठन के महापुरुषों द्वारा बताए पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। जनसंघ के जमाने से ही हमने देश की सेवा करने के साथ जो संकल्प लिए थे, आज उन्हें हम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का कार्य कर रहे हैं। देश में भाजपा की केंद्र सरकार बनने के बाद जम्मू कश्मीर से धारा ३७० हटाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संगठन द्वारा लिए गए संकल्पों को पूरा करने में जुटी हुई है। पार्टी ने राम मंदिर बनाने का जो संकल्प लिया था, आज वह भी पूर्ण हो चुका है। इसी तरह पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा दिए गए अंत्योदय के सिद्धांत को लेकर हमारी केंद्र और प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब कल्याण को लेकर सरकार की योजनाएं बना रहे हैं, तो वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव गरीबों का जीवन संवारने और गौमाता के संरक्षण को लेकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। भाजपा अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा में लाकर सामाजिक समरसता का कार्य कर रही है। संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता भाजपा की डबल इंजन सरकार की लाभार्थी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हुए समाज उत्थान में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहें। इस अवसर पर श्री शर्मा ने गौशाला में श्रमदान भी किया और गांव में निकाली हुई शोभायात्रा में शामिल हुए। आयोजन दौरान टिमरनी के पूर्व विधायक संजय शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, टिमरनी मंडल अध्यक्ष सुनील डूडी, बूथ अध्यक्ष मधु पाटिल, मुकेश पटवारे, भगवानदास दोगने आदि कार्यकर्ता व ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Views Today: 2

Total Views: 70

Leave a Reply

error: Content is protected !!