राजमार्गों से गौवंश को हटाने की कार्यवाही करें

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM


-मुख्य सचिव ने राजस्व महा अभियान-2.0 की प्रगति की समीक्षा की

अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश की मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने बुधवार को भोपाल से आयोजित वीडियो कान्फ्रेंस में प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिये कि राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्य राजमार्ग पर विचरण करने वाले गौवंश को मार्ग से हटाने की व्यवस्था की जाए। उन्होने कहा कि इन गौवंश के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिनसे जनहानि के साथ-साथ पशुहानि होती है। उन्होने इसके लिए नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों के माध्यम से कर्मचारी तैनात कर मार्गों से पशुओं को हटाने की कार्यवाही के लिए निर्देश दिये। कलेक्ट्रेट के एनआईसी वी.सी. रूम में कलेक्टर आदित्य सिंह, अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। मुख्य सचिव श्रीमती राणा ने वीडियो कान्फ्रेंस में राजस्व महाअभियान के तहत जिलेवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होने सभी कलेक्टर्स को राजस्व महा अभियान के तहत नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा बटांकन, नक्शा तरमीम की कार्यवाही की गति बढ़ाने के लिए कहा। उन्होने कहा कि पशुओं को सड़क से हटाने के लिए पशु पालकों को जागरूक व प्रेरित करने के लिए समाजसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की भी मदद ली जाए। श्रीमती राणा ने वीडियो कान्फ्रेंस में निर्देश दिए कि रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्मित की जा रही गौशालाओं को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। इन गौशालाओं का उपयोग सड़कों से हटाए गये गौवंश को रखने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने इस दौरान सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वर्षा के इस मौसम में प्राकृतिक आपदा से क्षति के मामलों में पीड़ित परिवार को राजस्व पुस्तक परिपत्र के तहत त्वरित राहत दिलाई जाए। उन्होने इस दौरान आधार अपडेशन कार्य की भी समीक्षा की।

174 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!