विश्व उद्यमिता दिवस पर मॉडल पब्लिक स्कूल में हुआ कार्यक्रम  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM


अनोखा तीर, हरदा। विश्व उद्यमिता दिवस के उपलक्ष्य में स्वावलंबी भारत अभियान विषय पर मॉडल पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वावलंबी भारत अभियान हरदा के जिला सहसमन्वयक संदीप अग्रवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। विद्यालय के शिक्षक अनिकेत सिटोके ने छात्र-छात्राओं को उद्यमिता की मूल अवधारणा एवं सफल उद्यमी के महत्वपूर्ण गुणों के बारे में बात कही। कार्यक्रम में उद्यमिता पर संस्था के प्राचार्य त्रिलोक शर्मा ने बच्चो को संबोधित करते हुए कहा कि उद्यमी व्यक्ति स्वयं के साथ साथ सम्पूर्ण समाज को लाभान्वित करता है एवं राष्ट्रीय समृद्धि एवं विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देता है। स्वरोजगार विषय पर अपनी बात रखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संगठन मंत्री आशीष शर्मा ने वर्तमान भारतीय परिपेक्ष में स्वरोजगार एवं स्वावलंबन के महत्व को दर्शाते हुए छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार की ओर उन्मुख होने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से छात्र-छात्राओं का स्वरोजगार स्थापित करने हेतु आगे आने के लिए आह्वान किया। स्वाबलंबी भारत अभियान के पूर्णकालिक अरुण मालविया ने स्वरोजगार एवं पैतृक व्यवसाय में छात्र-छात्राओं को रुचि लेने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों के द्वारा प्रदत्त जो व्यवसाय है या लघु कुटीर उद्योग है उनमें रुचि लेनी चाहिए और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन उन्हें विकसित करने हेतु करना चाहिए। विद्यालय एवं महाविद्यालय की पढ़ाई के साथ-साथ हम अपने स्वरोजगार को छोटे स्तर पर विकसित कर सकते हैं और बाद में उसे बड़े व्यवसाय के रूप में स्थापित कर सकते हैं। कमल किशोर फर्म के संदीप अग्रवाल ने व्यवसाय में आने वाले विभिन्न उतार-चढ़ावों के बीच संयम के साथ विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की बात कही। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं सभी शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने तीनों अतिथियों का आभार प्रकट किया।

109 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!