-कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी
अनोखा तीर, टिमरनी। नगर परिषद द्वारा गत दिवस रहटगांव रोड पर सब्जी एवं फल का व्यवसाय करने वाले छोटे दुकानदारो को नोटिस देकर एक लाख रुपये जमा करने एवं 1100 रुपये प्रतिमाह किराया देने हेतु सूचित किया गया है। नोटिस में परिषद प्रसताव का उल्लेख किया गया है जिसके विरोध में आज दर्जनों दुकानदार नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल के नेतृत्व में एसडीएम महेश बडोले को ज्ञापन सौंपा तथा नगर परिषद के वसूली प्रस्ताव को गैर कानूनी बताते हुए वापस लेने की मांग की। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने बताया कि ये दुकानदार जो कि गरीब तबके के है एवं विगत कई वर्षों से सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे है एवं नगर परिषद बाजार वसूली के नाम पर इन दुकानदारो से 20 रुपये प्रतिदिन वसूली भी करती है। जिस जमीन पर ये दुकान कर रहे हैं वह नगर परिषद की जमीन भी नहीं है, फिर इनसे किस अधिकार के तहत एक लाख रुपये की वसूली की जा रही है। अगर परिषद ने वसूली की तो कांग्रेस दुकानदारो के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
छोटे दुकानदारो की विरोधी है परिषद
जायसवाल ने आरोप लगाया कि यह परिषद गरीबो की विरोधी है। गत दिवस इसी परिषद ने स्टेशन बस्ती रोड पर गुमटी में व्यवसाय करने वाले छोटे दुकानदारों पर मनमाने तरीके से किराया बढ़ा दिया था, जिसका विरोध हुआ था। श्री जायसवाल ने परिषद अध्यक्ष देवेंद्र भरद्वाज को सलाह दी है कि वह गरीबो का शोषण करके परिषद की आमदनी बड़ाने के बजाय परिषद में हो रहे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाए। विभागीय खर्चों को कम करें एवं मनमाने तरीके से जो विभागीय खरीदी की जा रही है उस पर अंकुश लगाएं, ना कि गरीबों को परेशान करें। ज्ञापन देते समय विधायक प्रतिनिधि ज्योतिरादित उपाध्याय, पूर्व पार्षद जितेंद्र जसपाल, दीपक शर्मा, कांग्रेस नेता अनीश शाह, धर्मेंद्र जसपाल सहित पीड़ित दुकानदार मौजूद रहे।

