अनोखा तीर, हरदा। करीब छह महिने पुराने धोखाधड़ी के एक प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों में से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर दोनों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुरूवार को दोनों आरोपी राजेश अग्रवाल और रोहन अग्रवाल को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बता दें कि फरियादी आकाश पिता मोहन दुबे की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक ५४४/२३ की धारा ४२० अंतर्गत आरोपी राजेश, रोहन और अनुराधा के खिलाफ अपराध कायम किया गया था। मामले में पुलिस तभी से उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक संजीव कंचन के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रजापति एवं एसडीओपी अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सिटी कोतवाली एआर खान के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। बता दें कि सभी आरोपी प्रकरण कायम होने की भनक लगते ही फरार हो गए थे। इस दौरान उनके घर पर जहां ताला लटका हुआ था, वहीं करीबी लोगों से भी संपर्क नही था। बावजूद , पुलिस उनकी महज एक हरकत पर पैनी नजर जमाए बैठी रही। प्रकरण में मिली सफलता के पीछे सायबर सेल ने भी अपना रोल बखूबी निभाया। सउनि श्री ठाकुर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के सतत मार्गदर्शन तथा सायबर सेल के सक्रिय सहयोग एवं निरंतर प्रयासों के बूते यह सार्थक परिणाम हासिल हुआ है। श्री ठाकुर ने यह भी बताया कि प्रकरण से जुड़े तमाम पहलुओंं पर गहन अध्ययन किया। तत्पश्चात कड़ी से कड़ी जोड़कर पहले आरोपियों की लोकेशन को पुख्ता किया। इसके बाद घेराबंदी कर राजेश और रोहन को हिरासत में लिया है।
सायबर सेल का अहम रोल
थाना प्रभारी सिटी कोतवाली एआर खान के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम में सहायक उप निरीक्षक संजय ठाकुर एवं प्रधान आरक्षक करण साहू शामिल थे। साथ ही सायबर सेल में पदस्थ आरक्षक कमलेश का भी अहम रोल रहा। टीम कई दिनों से आरोपियों की हलचल का इंतजार कर रही थी।
लाखों रूपए की धोखेबाजी
पुलिस के मुताबिक प्रकरण करीब छह-सात महिने पुराना है। अपराध में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार चल रहा है। जबकि दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ 29 लाख रूपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
Views Today: 4
Total Views: 58