नामांकन का शंखनाद …. पहले दिन कोई नामांकन नही भराया, अंतिम तिथि 30  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

विधानसभा चुनाव के लिये शनिवार से नाम-निर्देश पत्र दाखिल करने का शंखनाद हो गया है। हालांकि, पहले दिन जिले की दोनों विधानसभा सीट से किसी भी अभ्यर्थी ने अपना नामांकन जमा नही कराया है। इधर, जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर नामाकंन के लिये निर्धारित स्थलों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। साथ ही यातायात संबंधी अन्य व्यवस्थाओं को मूर्तरूप दिया जा चुका है।

 

अनोखा तीर, हरदा। राज्य विधानसभा चुनाव कार्यक्रम अंतर्गत शनिवार 21 अक्टूबर से नाम निर्देशन पत्र जमा करने का सिलसिला प्रारंभ हो गया। इसके पहले दिन जिले के दोनों हरदा एवं टिमरनी विधानसभा क्षेत्रों के लिए इस दिन कोई भी अभ्यर्थी अपना नामांकन जमा करने नही पहुंचा। हालांकि, नामांकन जमा करने के लिये वक्त है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की है। साथ ही हरदा और टिमरनी में एसडीएम कार्यालय को रिटर्निग अधिकारी कार्यालय के रूप में स्थापित किया गया है। कलेकटर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि गर्ग ने बताया कि नामांकन फार्म भरने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर है। यदि अभ्यर्थी उसी निर्वाचन क्षेत्र का निर्वाचक नहीं है जहां से वह चुनाव लड़ रहा है तो अभ्यर्थी को संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली की प्रति या निर्वाचक नामावली से संबंधित भाग की प्रमाणित प्रति दाखिल करनी होगी। एक अभ्यर्थी एक ही निर्वाचन क्षेत्र के लिए 4 नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है। इनको एक साथ अथवा अलग-अलग दाखिल भी किया जा सकता है। उन्होंनें नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्रॉफी सुनिश्चित की है।

उम्मीदवारों के लिये सुविधा पोर्टल

भारत निर्वाचन आयोग ने अभ्यर्थियों को ऑनलाइन नामांकन भरने के साथ ही रैली, बैठक, अस्थायी कार्यालय सहित अन्य अनुमति लेने के लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान की है। इसके लिए अभ्यर्थियों को सुविधा पोर्टल का उपयोग करना होगा। सुविधा पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थी ऑनलाइन जमानत राशि भी जमा कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों समेत कुल पांच की एन्ट्री

नामांकन दाखिल करते समय सामान्य अभ्यर्थी को 10 हजार रुपये तथा एससीव एसटी वर्ग के अभ्यर्थी को 5 हजार रुपये जमानत राशि जमा करना होगा। इसके अलावा नामांकन जमा करते समय अभ्यर्थी समेत कुल 5 लोगों को ही आरओ कक्ष में प्रवेश देने की अनुमति रहेगी। जिसका पालन अनिवार्य रहेगा।

यह भी जरूरी…     

– अभ्यर्थियों के साथ केवल 3 वाहनों को 100 मीटर सुरक्षा चक्र में प्रवेश मिल सकेगा।

– नामांकन भरने की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगी।

– दोपहर 3 बजे के बाद कक्ष में किसी भी व्यक्ति समेत कोई दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं रहेगी।

– नामांकन के समय अभ्यर्थियों को सभी सुसंगत एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

– जमानत राशि का प्रमाण, प्रारूप-ए एवं बी, शपथ पत्र इत्यादि शामिल हैं।

 

सुगम यातायात की दृष्टि से प्लान तैयार

जिले की विधानसभा क्रमांक 135 हरदा में अभ्यर्थियों के नामांकन के लिये मुख्यालय स्थित एसपी बंगले के सामने तहसील कार्यालाय नीयत किया गया है। जिसके चलते शहर में थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। जिसकी शनिवार से शुरूआत हो चुकी है। इस संबंध में प्रभारी यातायात पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि नामांकन प्रक्रिया के चलते जिला पंचायत कार्यालय से खंडवा बायपास स्थित हनुमान मंदिर तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इस बीच केवल अतिविशेष वाहनों की एन्ट्री रहेगी। इसके अलावा सुचारू यातायात की दृष्टि से सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर साढ़े 3 बजे तक रूट डायवर्ट का प्लान तैयार किया है। जिसके तहत एसपी बंगले की तरफ नामांकन जमा करने के लिये प्रत्याशियों को सर्किट हाउस के श्री जंभेश्वर भवन पहुंच मार्ग से होकर पहुंचना होगा। वहीं अधिकारी कर्मचारियों के लिए कलेक्ट्रेट रोड पर ट्राफिक थाना के साइड से प्रवेश रहेगा। इस बीच छीपानेर एवं कृषि उपज मंडी की ओर से आने वाले वाले भारी वाहनो को गुर्जर बोर्डिंग व्हाया तिवारी कोचिंग से मुख्य मार्ग पर डायवर्ट करने की कार्ययोजना बनाई है। साथ ही कार एवं मोटर सायकल समेत अन्य छोटे वाहनों को जिला पंचायत के ठीक सामने से व्हाया एलआईजी कालोनी निकाला जाएगा। वहीं खंडवा बायपास चौराहे से कलेक्ट्रेट एवं छीपानेर की तरफ जाने वाले वाहनों को काली माता मंदिर से नेहरू स्टेडियम डायवर्ट करेंगे।

Views Today: 2

Total Views: 114

Leave a Reply

error: Content is protected !!