अनोखा तीर, हरदा। विधानसभा निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न तैयारियां की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्टर ऋषि गर्ग व पुलिस अधीक्षक संजीव कंचन ने राजस्व व पुलिस अधिकारियों के दल के साथ सीमावर्ती ग्रामों का दौरा किया। कलेक्टर श्री गर्ग ने इस दौरान जिले की सीमा पर स्थित ग्राम पोखरनी व मोरगढ़ी में बनाई गई चैक पोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होने निर्वाचन के दौरान अन्य जिलों से हरदा जिले में आने वाले नागरिकों पर नजर रखने तथा वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गर्ग ने जिले की सीमा पर बेरियर लगाकर वाहनों को रोकने तथा उनकी जांच करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश एसडीएम व तहसीलदार को दिए। उन्होंने जांच चौकी में फर्नीचर, विद्युत व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कहा।





