अनोखा तीर, हरदा। जिला अधिवक्ता संघ के निर्वाचन कार्यक्रम के अंतिम दिन सोमवार को मतों की गणना की जाएगी। मतगणना के साथ ही तमाम कयासों को विराम लगने वाला है। इसी दिन विजेताओं के नामों का एलान भी किया जाएगा। इसको लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह है। खासकर वे जो निर्वाचन प्रक्रिया का मुख्य किरदार हैं। अधिवक्ताओं के मुताबिक हर साल की इस साल भी घोषणा के बाद जश्न का माहौल रहेगा। इसकी समस्त तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है। इधर, मतगणना के संबंध में निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता अनिल एस बिल्लौरे, शैलेन्द्र जोशी एवं ओपी मोरझले ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मतगणना सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी, जो कि अधिवक्ता संघ के लायब्रेरी कक्ष में संपन्न होगी। उन्होंनें बताया कि इस बार कुल मतदाता 340 थे। जिनमें से 322 मतदाताओं ने अपने मत का उपयोग किया। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक मतगणना कुल 8 राउंड में पूर्ण होगी। पहले राउंड में आरक्षित कार्यकारिणी सदस्य के पद जो 10 वर्ष से कम कार्यानुभव तथा अनारक्षित सामान्य कार्यकारिणी सदस्य के चार पदों पर विजयी प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। दूसरे राउंड में सहसचिव, कोषाध्यक्ष एवं ग्रंथपाल जिनके एक-एक पद निर्धारित हैं। तीसरे राउंड में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव पद के लिये विजयी अधिवक्ताओं के नामों की घोषणा की जाएगी। इसी प्रकार समस्त पदों के लिये डाले गए मतों की गणना होगी। इन सबके बीच यह निर्देश भी जारी किया कि मतगणना के निर्धारित राउंड अनुसार जिस पद के लिये मतगणना होगी, उस दौरान उसी पद के नामांकित प्रत्याशी या उनके अभिकर्ता ही मतगणना कक्ष में उपस्थित रहेंगे। साथ ही समस्त प्रत्याशियों को सुबह 10 बजे मतगणना कक्ष में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की बात कही है, ताकि मतगणना से पहले आवश्यक कार्यवाहियों को पूरा किया जा सके। अंत में मतगणना की जानकारी अधिवक्ता संघ के सभागार स्थित बोर्ड प्रदर्शित की जाएगी।
Views Today: 2
Total Views: 74

