अनोखा तीर, हरदा। शनिवार को प्रदेश की राजधानी भोपाल में मप्र पटवारी संघ के आव्हान पर मध्यप्रदेश के पटवारियों ने राजधानी भोपाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। गत 3 दिन से सामूहिक अवकाश के बाद उन्होंने राजधानी में तिरंगा यात्रा निकाली। जब यह तिरंगा यात्रा अटल पथ से सीएम हाउस के लिए आगे बढ़ी तो पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इस पर पटवारियों ने विरोध जताते हुए सड़क पर बैठकर करीब 2 घंटे प्रदर्शन किया। इस दौरान पटवारियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नारों पर जमकर नारेबाजी की। वहीं कोटवारों ने भी यहां प्रदर्शन किया। वे मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर यह प्रदर्शन कर रहे थे। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रदेश संवाद समिति के अध्यक्ष राजीव जैन एवं जिलाध्यक्ष अनुराग करोलिया ने बताया कि सीएम हाउस तक शांतिपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। यह किसी प्रकार का प्रदर्शन नहीं था, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। इस प्रदर्शन में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, हरदा, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, खंडवा, रतलाम, मंदसौर समेत प्रदेशभर से पटवारी शामिल हुए। श्री जैन ने कहा कि हमारी मांगें पूरी न होने पर प्रदेश के सभी पटवारी 28 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। पटवारी संघ के जिला मंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि हम चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। पहले चरण में 21 अगस्त से सभी सरकारी गु्रप से लेफ्ट होकर ऑनलाइन काम का बहिष्कार किया था। दूसरे चरण में 23 से 25 अगस्त तक 3 दिन तक सामूहिक अवकाश पर रहे। आज 26 अगस्त को भोपाल में तिरंगा यात्रा निकाल कर सरकार तक अपनी बात पहुंचाई है।
ये है पटवारियों के आक्रोश का कारण
प्रदेश के पटवारी वेतनमान विसंगति को दूर कर 2800 ग्रेडपे की मांग विगत 25 वर्षों से कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में पटवारियों को वर्ष 1998 में निर्धारित किये गए वेतनमान के अनुसार ही वर्तमान वर्ष 2023 में वेतन दिया जा रहा है। विगत 25 वर्षों में प्रदेश के पटवारियों के वेतनमान में कोई वृद्धि नहीं की गई जबकि पटवारियों से पूरे सेवाकाल में कार्य लेने वाले राजस्व विभाग एवं उसकी पद स्थापना वाले भू अभिलेख विभाग के सभी पदोन्नत पदों राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, सहायक अधीक्षक भू अभिलेख, तहसीलदार, अधीक्षक भू अभिलेख के वेतनमान में कई बार वृद्धि की गई। उन्होंने बताया कि पटवारी वेतनमान पे ग्रेड 2800 हेतु मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सनावद में हुए वर्ष 2007 पटवारी महाअधिवेशन में घोषणा की थी। तत्कालीन राजस्व मंत्री द्वारा प्रांताध्यक्ष मप्र पटवारी संघ भोपाल को 2800 पे-ग्रेड करने का लिखित आश्वासन उनके निर्देशानुासर दिया गया था। इसके क्रियान्वयन का प्रदेश के पटवारी को इन्तजार है। कानून में संशोधन कर मध्यप्रदेश के पटवारियों को एक उच्च पद का अतिरिक्त कार्य सीमांकन तो दिया गया परंतु समान कार्य समान वेतन के आधार पर राजस्व निरीक्षक का वेतनमान नही दिया गया। अस्तु समान कार्य समान वेतन को लागू करते हुए पटवारी को राजस्व निरीक्षक के समान पे ग्रेड 2800 दिया जाए।
वेतनमान के साथ ही यह भी है मांग
पद के सापेक्ष में समयमान वेतनमान, पदोन्नति, गृहभाड़ा भत्ता, स्टेशनरी भत्ता, यात्रा भत्ता में वर्तमान मंहगाई के अनुसार बढ़ोतरी।
Views Today: 2
Total Views: 94

